अररिया से राहुल सिंह की रिपोर्ट :
अररिया-पूर्णिया फोरलेन हाईवे 27 पर सोमवार को एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते ट्रक के सभी टायर जलकर राख हो गए. ट्रक का पिछला हिस्सा धू-धू कर जलने लगा.कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक अररिया से पूर्णिया की ओर जा रहा था. अचानक टायरों से धुआं उठने लगा व कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया. ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रक को सड़क किनारे रोक दिया व कूदकर अपनी जान बचाई. गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ व एक बड़ा हादसा टला.
मची अफरातफरी, जुटी भीड़
हाईवे पर चलती ट्रक में आग लगने से अफरातफरी मच गई. दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए. लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
दमकल ने बुझाई आग
सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. नगर थाना पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे व भीड़ को नियंत्रित कर यातायात बहाल कराया. आग बुझने तक ट्रक का पिछला हिस्सा व सभी टायर पूरी तरह जल चुके थे.
आग का कारण अज्ञात
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. आशंका जताई जा रही है कि ब्रेक फेल होने या टायर में घर्षण से आग लगी हो सकती है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस घटना के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही.
The post ARARIA : एनएच-27 पर तेज रफ्तार से जा रहे ट्रक में लगी आग, दमकल ने पाया काबू appeared first on Prabhat Khabar.

