कैमूर के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत गोबरछ गांव के समीप शनिवार देर शाम सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
.
हादसा उस समय हुआ जब भभुआ से अधौरा की ओर जा रहा CRPF का एक डीसीएम ट्रक विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टकरा गया।
मृतक की पहचान भभुआ नगर के वार्ड संख्या 18 निवासी बबलू राइन के 20 वर्षीय पुत्र अरमान राइन के रूप में हुई है। वहीं, इस दुर्घटना में छावनी मोहल्ला निवासी आफताब हुसैन का 16 वर्षीय पुत्र हुरैरा अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
देखें,मौके से आई तस्वीरें…

घटना के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।

घटना के बाद मौजूद पुलिस बल।
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक भगवानपुर से बकरीद के लिए बकरा खरीदकर लौट रहे थे। इसी दौरान शिव मंदिर के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे अरमान की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने ट्रक को रोककर प्रदर्शन किया
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने ट्रक को रोककर विरोध प्रदर्शन किया और उसके शीशे तोड़ दिए। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया। ग्रामीणों का आरोप है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को तीन से चार राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी, जिसके बाद हालात काबू में आए।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
थानाध्यक्ष बोले-पूरे मामले की जांच की जा रही
सूचना मिलते ही भगवानपुर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया है। एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

