आठ महीने पहले भी इन कोयला कारोबारियों के यहां ईडी ने छापेमारी की थी। (फाइल)
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह धनबाद में अवैध कोयला खनन और उससे जुड़े काले कारोबार करने वाले 25 लोगों के ठिकाने पर छापा मारा है। जानकारी के मुताबिक ईडी की टीम सुबह 6 बजे से ही कार्रवाई कर रही है।
.
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार टीम धनबाद के नालंदा कॉटेज, सरायढेला स्थित एक अपार्टमेंट, कतरास, टिकियापाड़ा, महुदा, लोयाबाद और झरिया समेत कई स्थानों पर एक साथ दबिश दी है।
जिन जगहों पर छापेमारी की जा रही है वे ठिकाने कोयला कारोबारी एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव और उनके सहयोगियों से जुड़े हैं।

झामुमो नेता एवं धनबाद महानगर झामुमो के उपाध्यक्ष हरेंद्र चौहान के आवास पर महिलाओं ने हंगामा किया।
झामुमो नेता के घर महिलाओं का विरोध
धनबाद के लोयाबाद स्थित कनकनी में झामुमो नेता एवं धनबाद महानगर झामुमो के उपाध्यक्ष हरेंद्र चौहान के आवास पर ईडी की छापेमारी के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में महिला और पुरुष समर्थक मौके पर पहुंच गए और घर के अंदर जाने की मांग करने लगे।
शुरुआत में ईडी अधिकारियों ने किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद महिलाओं ने विरोध जताते हुए हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए ईडी ने कुछ महिलाओं को घर के अंदर प्रवेश की अनुमति दे दी।
इस दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ईडी के अधिकारी अपने साथ बैग लेकर घर के अंदर गए हैं। उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। हालांकि, ईडी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है।
ईसीआईआर दर्ज कर जांच किया तेज
ईडी की यह कार्रवाई अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े बड़े नेटवर्क को खंगालने के लिए की जा रही है। एजेंसी ने इस पूरे प्रकरण में चार अलग-अलग प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज कर जांच शुरू की है। जांच के दौरान ईडी को संदेह है कि अवैध कोयला कारोबार के जरिए बड़े पैमाने पर संपत्ति अर्जित की गई है।

टीम को कोयला कारोबारी माधव सिंह के घर जाना था, लेकिन गलती से टीपी सिंह नामक आदमी के घर सीढ़ी लगा कर प्रवेश की। इस व्यक्ति का छापेमारी कोई लेनदेन नहीं है।
इसी कड़ी में छापेमारी के दौरान दस्तावेज, वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का फोकस इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट करने पर है।
पहले भी हो चुकी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले 21 नवंबर 2025 को भी ईडी ने धनबाद और दुमका में एलबी सिंह और उनके सहयोगियों से जुड़े करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान एजेंसी ने 2 करोड़ 20 लाख रुपए नकद, 150 से अधिक जमीन के दस्तावेज और अवैध कोयला कारोबार से जुड़े कई अहम साक्ष्य बरामद किए थे। समाचार लिखे जाने तक ईडी का तलाशी अभियान जारी है।
————————————————
इसे भी पढ़ें…
झारखंड में 18 जगह ED रेड, 2.2 करोड़ कैश बरामद:कारोबारी एलबी. सिंह के ठिकानों पर भी दबिश, कोयला तस्करी से जुड़ा मामला

झारखंड में ED ने बड़ी दबिश दी है। शुक्रवार को झारखंड में 18 जगहों पर रेड चल रही है। धनबाद में ईडी की टीम ने आज सुबह कोयला कारोबारी एलबी. सिंह के आवास और उनसे जुड़े प्रतिष्ठानों पर एकसाथ छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, टीम ने धनबाद में देव बिला क्षेत्र सहित कुल 18 ठिकानों पर दबिश दी है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई कोयला तस्करी और अवैध खनन से जुड़ी है। यहां पढ़ें पूरी खबर..

