- Hindi News
- Local
- Jharkhand
- Ranchi
- Jack’s Blunt Statement… If Even One Page Of The Question Paper Comes Out, The Responsible People Will Be Held Accountable.
रांची21 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

परीक्षा में सेंधमारी रोकने के लिए ट्रेजरी से सेंटर तक रहेगी अभेद्य सुरक्षा, हर स्तर पर जवाबदेही तय
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) को पूरी तरह निष्पक्ष और अभेद्य बनाने के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने कमर कस ली है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रश्न पत्रों की सुरक्षा से लेकर केंद्र की व्यवस्था तक हर स्तर पर कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। जैक ने स्पष्ट कहा है कि प्रश्न पत्र का एक भी पन्ना या कोई सामग्री समय से पहले बाहर आना पूरी व्यवस्था की साख पर सवाल खड़ा कर सकता है।
लिहाजा प्रश्न पत्रों को सुरक्षित रखने, ट्रेजरी से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और सीलबंद पैकेट खोलने की प्रक्रिया में तय प्रोटोकॉल का अक्षरश: पालन करना होगा। ओएमआर शीट और प्रश्न पत्रों का भी पूरा हिसाब रखना होगा। इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होगी।
परीक्षा के सफल संचालन को लेकर शनिवार को आयोजित कार्यशाला में जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने राज्यभर के अपर समाहर्ताओं और जिला शिक्षा पदाधिकारियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को केंद्र की तैयारियों, प्रश्न पत्रों के सुरक्षित भंडारण, वितरण, विधि व्यवस्था और केंद्र अधीक्षकों के प्रशिक्षण की व्यक्तिगत स्तर पर समीक्षा करने का निर्देश दिया।
एक नजर में परीक्षा
- परीक्षा तिथि: 1 नवंबर को दो पालियों में होगी
- पहली पाली: सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक।
- दूसरी पाली: दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक।
जैक अध्यक्ष ने ये निर्देश भी दिए…ताकि परीक्षा की शुचिता बनी रहे
नकल और फर्जी परीक्षार्थियों पर भी रहेगा जीरो टॉलरेंस
जैक अध्यक्ष ने कहा कि परीक्षा में किसी भी तरह के कदाचार, दूसरों की जगह परीक्षा देने, अनुचित साधनों, मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल और संगठित नकल के प्रयासों पर जीरो टॉलरेंस रहेगा। केंद्र अधीक्षकों, वीक्षकों, जिला प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त निगरानी की व्यवस्था करनी होगी।
ओएमआर शीट से प्रश्न पत्र तक हर सामग्री का रखना होगा हिसाब
जैक चेयरमैन ने कहा कि हर ओएमआर शीट, प्रश्न पत्र और पैकेट की जवाबदेही तय रहेगी। परीक्षा सामग्री के वितरण, उपयोग, संग्रह और जमा करने की प्रक्रिया का पूरा रिकॉर्ड रखना होगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही भविष्य में गंभीर जटिलता पैदा कर सकती है। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता से जुड़ी प्रक्रिया में चूक को प्रशासनिक त्रुटि नहीं, बल्कि पूरी परीक्षा की विश्वसनीयता से जुड़ा मामला माना जाएगा।
मकसद केवल परीक्षा लेना नहीं, बल्कि भरोसा कायम करना है
जैक सचिव एसडी तिग्गा ने कहा कि जेटेट-2026 का उद्देश्य केवल परीक्षा कराना नहीं, बल्कि ऐसी निष्पक्ष व्यवस्था सुनिश्चित करना है, जिस पर प्रत्येक अभ्यर्थी, अभिभावक और समाज भरोसा कर सके। परीक्षा की वास्तविक सफलता तभी होगी, जब हर अभ्यर्थी को समान अवसर वाला वातावरण मिले। जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और जैक का संयुक्त प्रयास विश्वसनीय तरीके से परीक्षा कराना है।
मुख्य सचिव ने भी दिया था सभी डीसी को निर्देश
जेटेट के आयोजन को लेकर इससे पहले मुख्य सचिव ने भी सभी डीसी को पत्र भेजकर जरूरी निर्देश दिया था। जिला स्तर पर परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर जारी इन निर्देशों के बाद अब कार्यशाला में भी अधिकारियों को प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, नकल पर रोक और परीक्षा सामग्री की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
डाउनलोड हो रहे हैं एडमिट कार्ड


