
जनजागरण रैली निकाल ग्रामीणों ने लोगों से की पानी बचाने की अपील, बोले
Jamshedpur News :
परसुडीह-हलुदबनी क्षेत्र में पानी की किल्लत और गिरते जलस्तर को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गयी है. इसको देखते हुए कोचाकुल्ही बस्तीवासियों ने जल संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक करने की पहल की है. बुधवार की सुबह भरत सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पानी को बचाने के लिए रैली निकाली. उसके बाद सभा भी की. बस्ती के महिला-पुरुष और युवाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर पूरे हलुदबनी बस्ती का भ्रमण किया. उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को समझाया कि जमीन के नीचे का पानी तेजी से खत्म हो रहा है. अगर आज हम सचेत नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ी बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान होगी. रैली के दौरान जल है तो कल है का नारा दिया गया.क्या कहते हैं बस्तीवासी
हमारा मुख्य मकसद लोगों को यह समझाना है कि पानी मुफ्त की चीज नहीं, बल्कि अनमोल धरोहर है. भू-गर्भीय जलस्तर जिस रफ्तार से नीचे जा रहा है, वह चिंताजनक है. हम चाहते हैं कि हर व्यक्ति पानी बेवजह बर्बाद करना बंद करे. घर-आंगन के पास पाइपलाइन लीकेज है, उसे दुरस्त करायें.
-भरत सिंह
………………………………….एक गृहणी होने के नाते मैं जानती हूं कि पानी के बिना घर चलाना कितना मुश्किल है. हम महिलाओं ने तय किया है कि रसोई और साफ-सफाई में पानी का कम से कम उपयोग करेंगे. हम अपनी बस्ती में किसी भी नल को खुला नहीं छोड़ेंगे और दूसरों को भी इसके लिए टोकेंगे.-जमुना होनहागा
…………………………….युवाओं की जिम्मेदारी है कि जागरुकता के जरिये पानी बचायें. हमने इस रैली के माध्यम से लोगों को पानी बचाने के लिए जागरूक करने का प्रयास किया. इसके लिए हमने जल है तो कल है का नारा दिया है. हम खराब नलों को ठीक करने के लिए भी एक टीम बनायेंगे.-मुनीलाल पूर्ति
…………………………………..पुराने समय में हमारे पास कुएं और तालाब लबालब रहते थे, क्योंकि हम प्रकृति की इज्जत करते थे. आज बोरिंग के कारण पानी पाताल में चला गया है. इस रैली के माध्यम से हमने लोगों से पानी बचाने की अपील की है. हमें बारिश के पानी को भी जमीन में भेजने का उपाय करना होगा.-शशिकरण सुंडी
…………………………पानी बचाना किसी एक की नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक और नैतिक कर्तव्य है. इसलिए हमने अपनी जवाबदेही के लिए यह जागरुकता रैली व सभा की. बस्तीवासियों से अपील की गयी है कि वे बेवजह पानी की बर्बादी नहीं करें. अन्यथा आने वाले समय में स्थिति और भी भयावह हो सकती है.-रानी होनहागाB
The post Jamshedpur News : आज सचेत नहीं हुए, तो बूंद-बूंद पानी को तरसेगी आने वाली पीढ़ी appeared first on Prabhat Khabar.


