झारखंड में शुक्रवार से कई जिले में गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 24 से 29 अप्रैल तक रांची, पलामू, धनबाद, जमशेदपुर सहित 10 से अधिक जिलों में बारिश होने की संभावना है।
.
आसमान में बदल जाने के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला में लू चल सकती है।

गिरिडीह में गुरुवार को सड़क पर निकलने के लिए धूप से बचने के लिए लोग छाता का सहारा लेते दिखे।
अगले तीन दिनों में गिरेगा तापमान
राज्य में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें दो-तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
शनिवार को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। वज्रपात की भी संभावना है।

चाईबासा में धूप और गर्म थपेड़ों से बचने के लिए लोग चेहरे को कपड़े से बांध सड़क पर निकले।
26 और 27 अप्रैल को बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 26 और 27 अप्रैल को बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन दोनों दिन देवघर, दुमका, गिरडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज के हिस्सों में कहीं-कहीं पर ओलावृष्टि, गजर्न के साथ तेज हवा (50-60) किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से और वज्रपात होने की संभावना है। साथ ही राज्य में शेष भागों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ तेज हवा और वज्रपात होने की संभावना है।

वहीं, पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज किया गया।

