![]()
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज राजधानी पटना पहुंचने वाले हैं। विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव की घोषणा के बाद यह उनका पहला पटना दौरा है। ऐसे में उनके दो दिवसीय बिहार दौरे को राजनीतिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नितिन नवीन सोमवार शाम दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके पटना दौरा के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ आगामी विधान परिषद चुनाव की रणनीति पर विशेष चर्चा होने की संभावना है। 8 सीटों पर एनडीए की जीत की रणनीति पर मंथन नितिन नवीन के पटना आगमन की सबसे बड़ी वजह विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाला चुनाव माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एनडीए के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक और बातचीत करेंगे। बैठक में सभी 8 सीटों पर एनडीए के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर मंथन होगा। उम्मीदवारों के बीच बेहतर समन्वय, चुनावी तैयारी और वोटों के समीकरण को लेकर भी चर्चा हो सकती है। बांकीपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं से भी करेंगे मुलाकात नितिन नवीन अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान बांकीपुर विधानसभा के बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात करेंगे और सरकार के कामों और सुविधाओं को लेकर चर्चा करेंगे। पटना स्नातक सीट बनी NDA के लिए चुनौती विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट एनडीए के लिए सबसे अहम चुनौतियों में से एक बनती दिखाई दे रही है। इस सीट पर जेडीयू ने अपने मौजूदा नेता नीरज कुमार को आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। दूसरी ओर जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में पूर्व विधायक अनंत सिंह के खुलकर उतरने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। अनंत सिंह लगातार अनुज सिंह के समर्थन में क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। नीरज कुमार बनाम अनुज सिंह वोटों के समीकरण पर नजर पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार और जन सुराज के अनुज सिंह के बीच मुकाबला अब राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया है। अनंत सिंह के समर्थन से जन सुराज उम्मीदवार को मिलने वाले राजनीतिक लाभ और स्नातक मतदाताओं के बीच इसके असर को लेकर NDA के भीतर भी मंथन जरूरी माना जा रहा है। ऐसे में नितिन नवीन के दौरे के दौरान पटना स्नातक सीट की रणनीति पर विशेष फोकस रहने की संभावना है। नितिन नवीन का यह पटना दौरा सिर्फ संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित नहीं माना जा रहा है। विधान परिषद की 8 सीटों पर जीत का लक्ष्य, एनडीए के भीतर बेहतर तालमेल और खासकर पटना स्नातक सीट पर बन रहे चुनौतीपूर्ण समीकरण के बीच बीजेपी नेतृत्व की रणनीति पर सबकी नजर रहेगी।
MLC चुनाव के बीच पटना पहुंचेंगे BJP अध्यक्ष नितिन नवीन:8 सीटों की रणनीति पर होगा मंथन, पटना स्नातक सीट बनी NDA के लिए चुनौती
