
Nandigram ByPoll: नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान की पत्नी अर्पिता प्रधान ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उनके पति को जेल भेजने के लिए ‘सत्ता का दुरुपयोग’ किया. अर्पिता ने दावा किया कि उनके पति को ‘झूठे मामलों’ में फंसाया गया है.
मिलन की पत्नी ने नंदीग्राम की जनता से मांगा समर्थन
पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस के कोलकाता स्थित मुख्यालय विधान भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया. इस दौरान अर्पिता ने जेल में बंद नंदीग्राम के उम्मीदवार मिलन प्रधान के ‘समर्थन’ के लिए राहुल गांधी और ममता बनर्जी, दोनों का आभार जताया. साथ ही उन्होंने सभी विपक्षी दलों से 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ मिलकर लड़ने का आग्रह किया.
बेटी के साथ पति के लिए प्रचार करेंगी अर्पिता
अर्पिता ने कहा कि जेल में बंद मिलन प्रधान को खुद प्रचार करने का अवसर नहीं मिल पाने के कारण वह अपनी बेटी के साथ नंदीग्राम की सड़कों पर उतरकर उनके लिए प्रचार करेंगी. प्रधान को 19 साल पुराने कई मामलों में गिरफ्तार किया गया. बाद में 5 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
ये भी पढ़ें: नंदीग्राम के कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान ने किया नामांकन, शुभेंदु और ममता पर बरसे शुभंकर सरकार
इतने पुराने मामले में उपचुनाव से ठीक पहले मेरे पति को जेल क्यों भेजा गया? शुभेंदु अधिकारी भी इसी मामले में आरोपी थे, तो वह बाहर क्यों हैं? ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि हम विपक्ष से हैं. उन्हें झूठे मामलों में इसलिए फंसाया गया, क्योंकि वह अपने देश के लिए लड़ रहे हैं और अपने लोगों के साथ खड़े हैं. उनका परिवार है और मौजूदा स्थिति में हमारी बेटी स्कूल नहीं जा पा रही है. -अर्पिता प्रधान, कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की पत्नी
शुभेंदु अधिकारी को बताया ‘असल अपराधी’
अर्पिता ने यह भी आरोप लगाया कि ‘असल अपराधी’ स्वतंत्र रूप से घूम रहे हैं, क्योंकि वह मुख्यमंत्री हैं. अर्पिता ने कहा- क्या हम एक स्वतंत्र देश में रह रहे हैं? मुझे ऐसा लगता है कि हम ब्रिटिश शासन के अधीन हैं. मैं नंदीग्राम के लोगों से हमारे साथ खड़े होने की अपील करती हूं. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अपनी सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं. यह बंद होना चाहिए.
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल उपचुनाव : नंदीग्राम से चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी और रेजीनगर से सखाराव सरकार भाजपा उम्मीदवार
शुभंकर सरकार और प्रकाश जोशी के साथ संवाददाता सम्मेलन
पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार और पार्टी के राज्य प्रभारी प्रकाश जोशी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहीं अर्पिता ने दावा किया कि अन्य दलों की ओर से आकर्षक प्रस्ताव मिलने के बावजूद उनके पति कांग्रेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर कायम रहे.
क्या है मामला?
19 साल पुराने कई मामलों में मिलन प्रधान की गिरफ्तारी के बाद उन्हें 5 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. उनके खिलाफ जो मामले दर्ज हैं, उनमें हत्या का मामला भी शामिल है. ये सभी केस वर्ष 2007 में नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ हुए आंदोलन से जुड़े हैं.
ये भी पढ़ें: हल्दिया में बोले शुभेंदु अधिकारी- नंदीग्राम उपचुनाव में रिकॉर्ड अंतर से जीतेगी भाजपा
ममता बनर्जी ने दिया है मिलन प्रधान को समर्थन
अपने प्रत्याशी को उपचुनाव के मैदान से हटाकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में मिलन प्रधान को समर्थन देने की घोषणा की. इस घोषणा के कुछ ही समय बाद मिलन प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया. नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव के लिए मतदान होगा.
नंदीग्राम विधानसभा चुनाव का शेड्यूल यहां देखें
| चुनाव कार्यक्रम | तारीख |
| अधिसूचना जारी | 9 सितंबर 2026 |
| नामांकन दाखिले की आखिरी तारीख | 16 सितंबर 2026 |
| नामांकन पत्रों की जांच | 17 सितंबर 2026 |
| नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख | 19 सितंबर 2026 |
| मतदान की तारीख | 6 अक्टूबर 2026 |
| मतगणना की तारीख | 9 अक्टूबर 2026 |
| चुनाव कार्यक्रम का समापन | 11 अक्टूबर 2026 |
The post Nandigram ByPoll: उपचुनाव से पहले नंदीग्राम में सियासी बवाल, कांग्रेस प्रत्याशी की पत्नी का शुभेंदु पर गंभीर आरोप appeared first on Prabhat Khabar.

