मुजफ्फरपुर के NTPC कांटी परियोजना में सोमवार से “बालिका सशक्तीकरण अभियान–2026” की शुरुआत की गई। कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत शुरू किए गए इस विशेष अभियान में कांटी प्रखंड के अलग-अलग गांवों और 9 स्कूलों से चयनित 50 गरीब बच्चियों को एक म
.
“सशक्त बालिका, सशक्त कांटी” थीम पर आयोजित इस अभियान का उद्घाटन परियोजना प्रमुख संजीब कुमार सुआर ने दीप प्रज्वलित कर किया। यह अभियान 26 मई से 20 जून 2026 तक चलेगा।

“बालिका सशक्तीकरण अभियान–2026” की शुरुआत सोमवार को की गई।
एक महीने तक मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
इस अभियान के तहत बच्चियों को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न तरह की कलाओं और कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में नृत्य, योग, संगीत, पेंटिंग, खेलकूद, मार्शल आर्ट और कंप्यूटर शिक्षा शामिल हैं। इसके अलावा गणित, अंग्रेजी, हिंदी और विज्ञान जैसे विषयों की भी पढ़ाई कराई जाएगी।
एनटीपीसी की ओर से बच्चियों के रहने, खाने और पढ़ाई की पूरी व्यवस्था नि:शुल्क की गई है। उन्हें पौष्टिक भोजन, सुरक्षित आवास और अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

“हर क्षेत्र में सशक्त बनें बच्चियां”
CSR एग्जीक्यूटिव नेहा ने बताया कि इस अभियान के तहत नौ गांवों और विभिन्न स्कूलों से 50 गरीब बच्चियों का चयन किया गया है। अगले एक महीने तक उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें।
उन्होंने कहा कि बच्चियों को केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा।

एनटीपीसी ने लिया जिम्मेदारी का संकल्प
उद्घाटन समारोह में परियोजना प्रमुख संजीब कुमार सुआर ने कहा कि एनटीपीसी कांटी हमेशा क्षेत्र के सामाजिक विकास और बालिकाओं के उत्थान के लिए काम करता रहा है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए बच्चियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए जरूरी कौशल भी सिखाए जाएंगे। अगले चार सप्ताह तक इन 50 बच्चियों की सुरक्षा, शिक्षा और समग्र विकास की जिम्मेदारी एनटीपीसी कांटी निभाएगी।
समाज में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद
अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) महेश कुमार सुथार ने कहा कि यह अभियान बच्चियों के साथ-साथ उनके परिवार और पूरे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि 28 दिनों के प्रशिक्षण के बाद ये बच्चियां अधिक आत्मविश्वासी, जागरूक और सशक्त होकर निकलेंगी।

