Friday, October 16, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

Ravana and Angad story Lessons: 7 Ways to Handle Insults

[

1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

इस साल पंचांग भेद और तिथियों की घट-बढ़ की वजह से आश्विन शुक्ल दशमी यानी विजया दशमी (दशहरा) तिथि 20 और 21 अक्टूबर को है। त्रेतायुग में इसी तिथि पर श्रीराम ने रावण का वध किया था। रामायण में कई ऐसे किस्से हैं, जिनमें जीवन को सुखी और सफल बनाने के सूत्र बताए गए हैं। दशहरे के अवसर पर पढ़िए रावण और अंगद से जुड़ी कथा और उसकी सीख…

रामायम में एक प्रेरक प्रसंग श्रीराम के दूत अंगद और रावण के बीच संवाद का है। श्रीराम वानर सेना के साथ लंका पहुंच गए थे। लंका में युद्ध की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। श्रीराम की सेना और रावण की सेना के बीच युद्ध तय था। फिर भी श्रीराम ने युद्ध से पहले शांति बनाए रखने के लिए एक बार प्रयास करने की बात कही। उन्होंने बाली के पुत्र अंगद को अपना दूत बनाकर रावण की सभा में भेजा, ताकि रावण को समझाया जा सके और युद्ध टाला जा सके।

अंगद निर्भीक होकर रावण के दरबार में पहुंचे। उन्हें देखकर रावण ने उपेक्षा के भाव से पूछा, “तू कौन है?”

अंगद ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया, “मेरा नाम अंगद है और मैं बाली का पुत्र हूं। क्या आपको मेरे पिता बाली याद हैं?”

बाली का नाम सुनकर रावण ने अपने अहंकार को बचाने के लिए ऐसा व्यवहार किया, मानो वह बाली को ठीक से जानता ही न हो। उसने कहा, “हां, याद आया। बाली नाम का एक वानर हुआ करता था।”

यह सुनकर अंगद समझ गए कि रावण अपनी वास्तविकता स्वीकार करने के बजाय अपनी छवि बड़ी दिखाने का प्रयास कर रहा है। जबकि बाली ने रावण को अपनी बांह में दबाकर पराजित किया था। इसके बावजूद रावण अपनी सभा में ऐसा दिखा रहा था, जैसे बाली कोई सामान्य व्यक्ति रहा हो।

रावण ने अंगद को ताना मारते हुए कहा, “तुम इतने महान योद्धा के पुत्र होकर राम की सेवा कर रहे हो? तुम्हारा पिता कहां है?”

रावण जानता था कि बाली अब जीवित नहीं है, फिर भी उसने अंगद को नीचा दिखाने का प्रयास किया, लेकिन अंगद विचलित नहीं हुए। उन्होंने सटीक उत्तर दिया, “यदि आपको मेरे पिता की इतनी याद आ रही है, तो कुछ समय बाद आप भी वहां पहुंच जाएंगे, जहां वे हैं। फिर उनसे स्वयं पूछ लीजिएगा।”

अंगद के उत्तर ने रावण के अहंकार को सीधी चुनौती दी। अंगद ने अपनी बात रखते समय यह दिखाया कि सामने वाला कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, आत्मविश्वास और विवेक से उसका सामना किया जा सकता है।

इस प्रसंग से सीख मिलती है कि जीवन में हर व्यक्ति हमारी योग्यता को नहीं पहचानेगा। कुछ लोग अपने पद, धन, ज्ञान या सफलता के कारण दूसरों को छोटा समझ सकते हैं। ऐसे समय में गुस्से में अपना संतुलन खोने के बजाय शांत रहकर उचित उत्तर देना चाहिए। जीवन में बड़ा बनने के लिए केवल शक्ति और ज्ञान पर्याप्त नहीं हैं; विनम्रता, विवेक और सही समय पर सही शब्दों का चुनाव भी जरूरी है।

प्रसंग की सीख

1. अहंकारी लोग अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए दूसरों को छोटा दिखाते हैं। यदि हम उनकी हर बात को दिल पर लेने लगें, तो हमारी शांति प्रभावित होने लगती है। इसलिए हमें अपना आत्मविश्वास बनाए रखना चाहिए और धैर्य नहीं खोना चाहिए। हर टिप्पणी का जवाब देना जरूरी नहीं है। पहले समझें कि सामने वाला सुधार के लिए बोल रहा है या केवल अपना अहंकार दिखा रहा है।

2. अंगद ने रावण की बातों पर अपना धैर्य नहीं खोया। उन्होंने परिस्थिति को समझकर उत्तर दिया। जीवन में भी तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय कुछ क्षण रुकना चाहिए। जब कोई हमें अपमानित करे, तो खुद को शांत करें और फिर सोच-समझकर बोलें। इससे आवेश में गलत शब्द निकलने की आशंका कम होती है।

3. आत्मसम्मान का अर्थ यह नहीं है कि हम सामने वाले को भी अपमानित करें। अपनी बात दृढ़ता से रखना और किसी की गरिमा को चोट पहुंचाना दो अलग बातें हैं। हमें बिना झगड़ा बढ़ाए अपनी बात स्पष्टता के साथ कहने की कोशिश करनी चाहिए।

4. रावण को विद्वान माना जाता है, लेकिन रामायण में उसका अहंकार उसके पतन का एक प्रमुख कारण बना। इससे पता चलता है कि ज्ञान तभी उपयोगी है, जब उसके साथ विवेक और विनम्रता भी हो। अपनी सफलता, पद या अनुभव के आधार पर किसी को कम न आंकें।

5. यदि कोई व्यक्ति हमें कमजोर समझता है, तो हर बार बहस करके उसे गलत साबित करना जरूरी नहीं है। कई बार हमारा काम, व्यवहार और परिणाम ही सबसे प्रभावी उत्तर होते हैं। अपनी ऊर्जा दूसरों को प्रभावित करने के बजाय अपने लक्ष्य, कौशल और चरित्र को बेहतर बनाने में लगाएं।

6. आवेश में बोले गए कुछ शब्द रिश्ते बिगाड़ सकते हैं। इसलिए हालात कैसे भी हों, धैर्य रखें और शांति के साथ अपनी बात कहें। सही बात को सही तरीके से कहना एक महत्वपूर्ण जीवन कौशल है।

7. शांत रहने वाला व्यक्ति जरूरी नहीं कि कमजोर हो। कई बार शांत रहना इस बात का संकेत होता है कि वह अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रख सकता है और परिस्थिति को बिगाड़ना नहीं चाहता। जहां संवाद से समस्या सुलझ सकती है, वहां संवाद करें, लेकिन जहां लगातार अपमान या दुर्व्यवहार हो, वहां स्पष्ट सीमाएं बनाएं और जरूरत पड़ने पर दूरी रखें।

खबरें और भी हैं…
Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles