शेखपुरा में मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय आजाद हिंद आश्रम में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
.
इस दौरान कांग्रेस नेता विपिन चौरसिया और दीपक सिंह ने छात्रों की गिरफ्तारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सरकार को चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तार NSUI नेताओं और छात्रों को तत्काल रिहा नहीं किया गया, तो पूरे बिहार में आंदोलन तेज किया जाएगा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता विपिन चौरसिया ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों की लगातार गिरफ्तारी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी जायज़ मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों को अपराधियों की तरह गिरफ्तार करना सरकार की तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है।


अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी
चौरसिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों की आवाज़ को दबाने की हर कोशिश का पुरजोर विरोध करती है और उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी।
उन्होंने बिहार सरकार पर छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज, मुकदमे और गिरफ्तारी जैसी दमनकारी कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे पूरी तरह अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक बताया।
दोनों नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों पर हो रहे अत्याचार, झूठे मुकदमों और लगातार हो रही गिरफ्तारियों की कड़ी निंदा करती है।
उन्होंने सरकार से अविलंब सभी गिरफ्तार छात्रों को रिहा करने, आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करने की मांग की।
पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी
उन्होंने आगे कहा कि यदि सरकार पटना विश्वविद्यालय के NSUI छात्र नेता शांतनु शेखर सहित आंदोलन के दौरान गिरफ्तार सभी छात्र नेताओं एवं छात्रों को तत्काल रिहा नहीं करती है और उनके खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे वापस नहीं लेती है, तो कांग्रेस पार्टी पूरे बिहार में चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
नेताओं ने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से उठाना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, जिसे बलपूर्वक दबाने का प्रयास किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
युवाओं और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी उनके अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ती रहेगी।इस मौके पर पिछड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू राज मंडल, प्रेम कुमार गुप्ता एवं संजय सिंह उपस्थित थे।

