
बांका/बौंसी. मंदार पर्वत पर युवती के साथ कथित बदसलूकी मामले में पुलिस ने शुक्रवार को कई अहम जानकारी सामने रखी. बौंसी एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि आरोपितों ने घटना के दौरान युवती और उसके दोस्तों से 1500 रुपये ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवाये थे. इसके बाद युवती से और अधिक राशि की मांग की गयी. पुलिस के अनुसार, राशि नहीं मिलने के बाद 22 सितंबर को घटना का वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल कर दिया गया.
एसपी ने बताया कि पुलिस जांच में घटना की पुष्टि हुई है. मामले में नामजद तीन आरोपितों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. घटना से जुड़े अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है.
1500 रुपये लेने के बाद और राशि की मांग का आरोप
पुलिस के अनुसार घटना तीन जून की है. युवती अपने दो दोस्तों के साथ मंदार पर्वत घूमने गयी थी. इसी दौरान वहां मौजूद तीन युवकों ने कथित रूप से युवती का हाथ पकड़कर उसके साथ बदसलूकी की.
जांच में सामने आया कि आरोपितों में शामिल अब्दुल्ला ने युवती के एक दोस्त से ऑनलाइन माध्यम से अपने खाते में 1500 रुपये ट्रांसफर करवाये. इसके बाद युवती और उसके साथियों को वहां से जाने दिया गया. पुलिस के अनुसार, बाद में आरोपितों की ओर से युवती से और अधिक राशि की मांग की गयी थी.
रुपये नहीं मिले तो सोशल मीडिया पर डाल दिया वीडियो
एसपी के अनुसार, अतिरिक्त राशि की मांग पूरी नहीं होने के बाद घटना से संबंधित वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया. 22 सितंबर को यह पुराना वीडियो सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के माध्यम से पुलिस तक पहुंचा. वीडियो सामने आने के बाद एसपी के निर्देश पर बौंसी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले का सत्यापन शुरू किया.
जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान अब्दुल्ला, नितीश कुमार राय और विकास कुमार के रूप में की गयी. इसके बाद पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की.
एक आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपितों की पहचान कर ली गयी है. एक आरोपित को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर रही है. साथ ही घटना से जुड़े अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनकी भूमिका की जांच की जा रही है. एसपी ने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी ने दी मामले की जानकारी
मंदार पर्वत से जुड़ा यह मामला 22 सितंबर को वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के संज्ञान में आया था. इसके बाद पुलिस ने वीडियो की जांच करते हुए घटना की कड़ियों को जोड़ना शुरू किया. शुक्रवार को बौंसी एसडीपीओ कार्यालय में एसपी अमितेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अब तक की जांच और पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें : मंदार पर्वत पर युवती से बदसलूकी मामले में एक आरोपित गिरफ्तार, तीन युवकों पर केस, छापेमारी जारी
The post Watch video : मंदार पर्वत पर आरोपितों ने युवती से की थी और अधिक रकम की डिमांड, नहीं मिलने पर वीडियो कर दिया वायरल appeared first on Prabhat Khabar.
