Wednesday, April 29, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

आनंद की घातक गेंदबाजी से गुमला ने रांची को सुपर ओवर में हराया

आनंद की घातक गेंदबाजी से गुमला ने रांची को सुपर ओवर में हराया

गुमला. शहीद तेलंगा खड़िया स्टेडियम में आयोजित द लीजेंड कप नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता बुधवार की देर रात संपन्न हुई. फाइनल मैच रांची व गुमला की टीमों के बीच खेला गया. फाइनल मैच में आनंद कुमार की घातक गेंदबाजी से गुमला ने सुपर ओवर में रांची को हरा कर खिताब पर कब्जा जमाया. विजेता टीम को एक लाख और उपविजेता को 50 हजार रुपये इनाम दिया गया. मॉर्निग क्रिकेट क्लब गुमला, होटल सभेकर, आंगोर व अंकित बजाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड, ओड़िशा, छत्तीसगढ़ व बंगाल की 32 टीमों ने भाग लिया था. फाइनल मैच के मुख्य अतिथि होटल सभेकर व आंगोर के मालिक राधामोहन साहू थे, जबकि विशिष्ठ अतिथि भूमि संरक्षण पदाधिकारी आशीष प्रताप, झारखंड ग्रामीण बैंक गुमला शाखा के मैनेजर विवेक कुमार, युवा नेता मिशिर कुजूर, प्रेस क्लब गुमला के अध्यक्ष उपेश कुमार पांडे, समाजसेवी दीपांकर साहू थे. मौके पर राधामोहन साहू ने कहा है कि गुमला खेल नगरी है. खेल के बूते गुमला ने देश-विदेश में अपनी पहचान बनायी है. पहले फुटबॉल व हॉकी का गुमला में क्रेज था. परंतु अब गुमला में क्रिकेट खेल ने भी अपनी एक अलग छाप छोड़ी है. क्रिकेट खेल को बढ़ावा देने व मॉर्निंग क्रिकेट क्लब द्वारा जिस प्रकार हर साल नाइट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जो काबिले तारिफ है. युवा नेता मिशिर कुजूर ने कहा है कि गुमला में तेजी से क्रिकेट खेल के प्रति खिलाड़ियों में क्रेज बढ़ा है. रॉबिन मिंज अभी आइपीएल में खेल रहा है. निश्चित रूप से आने वाले समय में गुमला से कई खिलाड़ी निकलेंगे, जो इंडिया टीम के लिए खेलते नजर आयेंगे. प्रेस क्लब गुमला के अध्यक्ष उपेश कुमार पांडे ने कहा है कि गुमला में खेल का माहौल बना रहे. इसके लिए मॉर्निंग क्रिकेट क्लब ने बेहतर प्रयास किया है. लगातार तीन सालों से जिस प्रकार गुमला में क्रिकेट मैच लगातार हो रहे हैं. इससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा. संचालन दुर्जय पासवान, स्वागत भाषण अध्यक्ष रोहित उरांव विक्की व धन्यवाद ज्ञापन सचिव संजय कुमार गुप्ता ने किया.

रोमांच से भरा रहा फाइनल मैच, आनंद चुने गये मैन ऑफ द मैच

रांची व गुमला के बीच हुए फाइनल में टॉस जीत कर रांची ने पहले गेंदबाजी की. गुमला की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने हुए अंकित तिर्की व कमल पठान की बेहतर बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित आठ ओवर में 69 रन बनायी. जवाबी पारी खेलने उतरी रांची की टीम आनंद कुमार, श्रीकांत शुक्ला व अजय कुमार की गेंदबाजी के आगे लड़खड़ा गयी. अंतिम ओवर में रांची को जीत के लिए 18 रन बनाने थे. लेकिन टीम 17 रन बना पायी, जिससे मैच टाई हो गया. अंत में सुपर ओवर खेला गया, जिसमें रांची ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक ओवर में दो विकेट खोकर एक ही रन बना सकी. गुमला ने सुपर ओवर मैच को आसानी से जीत लिया. अंपायर की भूमिका केतन शेखर, अखिलेश कुमार, सत्यम चौरसिया जैकी, पंकज कुमार साहू और स्कोरर की नीलांबर साहू व समलेश शर्मा ने निभायी. गुमला के आनंद कुमार मैन ऑफ द मैच चुने गये. वहीं मैन ऑफ द सीरीज रांची के रबाड़ा, बेस्ट कीपर गुमला के अंकित उरांव, बेस्ट बल्लेबाज गुमला के अंकित तिर्की, बेस्ट कैच गुमला का पुरस्कार संतोष उरांव को दिया.

The post आनंद की घातक गेंदबाजी से गुमला ने रांची को सुपर ओवर में हराया appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles