Top 5 This Week

Related Posts

चाईबासा में उत्पाद विभाग की टीम पर हमला:धारदार हथियार से एएसआई को मार किया घायल, आरोपी फरार, सर्च कर रही पुलिस


पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा मुख्यालय में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर दिया गया। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के खूंटपानी प्रखंड स्थित आरगुंडी गांव की है। विभाग को यहां अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर 8 से 10 सदस्यीय टीम छापेमारी के लिए एक घर में पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में मौके पर शराब बनाने के संकेत मिले थे। टीम कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी कर ही रही थी कि अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। धारदार हथियार से हमला, एएसआई घायल छापेमारी के दौरान शराब कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति ने अचानक धारदार हथियार (दावली) से हमला कर दिया। इस हमले में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) मंटू राजवार (अग्रवाल) की गर्दन और पीठ पर गहरे वार किए गए। वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। साथ मौजूद कर्मियों ने किसी तरह उन्हें बचाया और तुरंत सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार चोट गंभीर है, हालांकि हालत नियंत्रण में बताई जा रही है। हमलावर ने अन्य कर्मियों पर भी वार करने की कोशिश की, जिससे टीम में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों के पहुंचते ही पीछे हटी टीम घटना के दौरान गांव में शोर मचने पर कुछ ग्रामीण तीर-धनुष लेकर मौके पर पहुंच गए। स्थिति बिगड़ती देख उत्पाद विभाग की टीम को वहां से पीछे हटना पड़ा। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को संभाला। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आसपास के इलाकों में भी सर्च अभियान चलाया गया है।

Spread the love

Popular Articles