Saturday, June 13, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

कोडरमा में महिला बच्चों संग चोरी के प्रयास में पकड़ाई:खाना मांगने के बहाने घर में घुसी, पुलिस ने हिरासत में लिया


कोडरमा जिले के दूधीमाटी में शुक्रवार सुबह चोरी के प्रयास में एक महिला को दो बच्चों के साथ पकड़ा गया। अशोक साव के मकान में बिना बताए घुसने पर परिजनों और स्थानीय लोगों को उस पर शक हुआ, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। गृह स्वामी अशोक साव के पुत्र सागर कुमार ने बताया कि शुक्रवार को वह नाश्ता करने के बाद कोडरमा बाजार स्थित अपनी परचून की दुकान खोलने जा रहे थे। इसी दौरान घर के दूसरे माले पर उनकी मां स्नान कर बाथरूम से बाहर निकलीं, तो उनकी नजर इस महिला पर पड़ी। महिला अपने दोनों बच्चों के साथ भागने लगी मां ने महिला से घर में घुसने का कारण पूछा तो उसने खाना मांगने की बात कही। इससे पहले कि वह कुछ और पूछ पातीं, महिला अपने दोनों बच्चों के साथ भागने लगी। सागर की मां ने शोर मचाया, जिसके बाद लोग इकट्ठा हुए और महिला को पकड़ लिया। जब महिला से घर में घुसने के बारे में पूछताछ की गई तो उसने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इस पर परिजनों को शक गहराया और उन्होंने कोडरमा पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उसके बच्चों के साथ हिरासत में लेकर थाने ले आई। सीसीटीवी में महिला व बच्चे के घर से निकलने का फुटेज
इधर, तिलैया थाना क्षेत्र के बेलाटांड़ लोटा फैक्ट्री के निकट एक मकान में गुरुवार की दोपहर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। जहां से चोरों ने लाखों रुपए के जेवर लेकर फरार हो गए हैं। घटना की जानकारी देते हुए गृह स्वामी सुधीर सिंह ने बताया कि गुरुवार दोपहर वे अपने काम पर निकले हुए थे। घर में गैस की किल्लत होने के कारण उनके घर की महिलाएं घर के मुख्य दरवाजे को सटा कर पीछे की ओर कोयले के चूल्हे पर खाना पका रही थीं।
थोड़ी देर बाद जब महिलाएं खाना पकाने के बाद घर के सामने वाले हिस्से की ओर आईं तो देखा कि मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। हालांकि उन्होंने इस पर ज्यादा गंभीरता न दिखाते हुए अपने काम में फिर से जुट गईं। इधर चोरी की घटनाओं की खबर सुनने के बाद शुक्रवार की सुबह घर की महिलाओं को गुरुवार दोपहर उनके घर का दरवाजा खुले होने का शक हुआ और वे अपने कमरे के अलमीरा में रखे जेवरात देखने के लिए गईं।

सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया
इस दौरान उन्होंने पाया कि उनके अलमीरा में रखा सोने का मंगलसूत्र, कान की बाली व चांदी की बिछिया गायब थी। जिसका अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपए था। इसके बाद इनलोगों ने आसपास के लोगों से इस संबंध में बताया। वहीं, इनके घर के बगल में एक मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया तो पाया कि गुरुवार दोपहर एक महिला एक बच्ची के साथ इनके घर में प्रवेश की हैं और कुछ देर के बाद वे दोनों हड़बड़ी में वहां से निकली हैं।

इधर, सुधीर सिंह ने घटना की जानकारी तिलैया पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। कोडरमा थाना क्षेत्र से हिरासत में ली गई महिला पर इनलोगों को शक हो रहा है कि गुरुवार को यही महिला इनके घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है।

लोगों को शक है कि यह उक्त महिला ही है जो बीते दिनों कोडरमा के कोल टैक्स के समीप एक मकान में दिनदहाड़े घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। लोगों का कहना है कि यह महिला अपने बच्चों के साथ खाना आदि मांगने के बहाने घर में बिना बताते घुस आती हैं और मौका पाकर पैसे व जेवरात लेकर फरार हो जाती है।

बताते चलें कि बुधवार को कोडरमा थाना क्षेत्र के ही कोल टैक्स के पास दो अलग-अलग घरों में चोरी की वारदात हुई थी। इस दौरान मोहल्ले में एक महिला को दो बच्चों के साथ भ्रमणशील पाया गया था।

इधर, कोडरमा पुलिस उक्त महिला से पूछताछ कर रही है। महिला की पहचान झुमरीतिलैया निवासी पल्लवी देवी के रूप में की गई है। पुलिस द्वारा कोल टैक्स में किराए के मकान में रहने वाली पूजा कुमारी, जिनके कमरे से बीते बुधवार को जेवरात व नगद रुपयों से भरा पर्स चोरी हुआ था, उसे बुलाकर महिला की शिनाख्त करवाई गई। इसमें पूजा द्वारा बताया गया कि यह वही महिला है जिसे चोरी वाले दिन उनके घर के पास देखा गया था।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles