Top 5 This Week

Related Posts

जहानाबाद में प्रेमी जोड़े ने जहर खाया:परिवार ने शादी से किया इनकार, खेत में मिले दोनों के शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए


जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र के प्राण बीघा गांव में एक प्रेमी जोड़े ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, राजीव कुमार और रेखा कुमारी के बीच कई महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब उनके परिवारों को इस बात का पता चला, तो उन्होंने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। दोनों एक ही गांव के निवासी थे, जिसके कारण परिवार शादी के खिलाफ थे। दोनों शादी करने पर अड़े हुए थे
परिवार के विरोध के बाद, प्रेमी जोड़ा लगभग आठ महीने तक घर से बाहर रहा। बाद में, परिवार के दबाव के कारण वे घर लौट आए। दोनों शादी करने पर अड़े हुए थे, लेकिन परिवारों ने उनकी शादी से साफ इनकार कर दिया। मंगलवार की रात दोनों अपने घर से निकलकर गांव के बधार (खेत) में चले गए और वहां जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। मृतक लड़की की मां कंचन देवी ने बताया कि सुबह जब वे उठे तो रेखा घर में नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद, गांव के कुछ लोगों ने बधार में दोनों के शव पड़े देखे और इसकी सूचना परिजनों को दी। पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता चल सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की जानकारी मिल पाएगी। होली के पर्व के दौरान गांव में इस घटना से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

Spread the love

Popular Articles