![]()
मोहनिया थाना क्षेत्र के दसौती गांव के समीप बुधवार शाम एक अज्ञात वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का इलाज अनुमंडल अस्पताल मोहनिया में चल रहा है। मृतका की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के टेकारी कला निवासी अनवर अली की पत्नी शाहीन बेगम के रूप में हुई है। वहीं, घायल महिला दुर्गावती थाना क्षेत्र के मसौढ़ा गांव निवासी गुड्डू मियां की पत्नी जुबेदा बीवी बताई गई हैं। घायल जुबेदा बीवी ने बताया कि वह अन्य यात्रियों के साथ पानापुर स्थित शहीद बाबा की मजार से ई-रिक्शा पर सवार होकर मोहनिया लौट रही थीं। दसौती गांव के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। सूचना मिलने पर मोहनिया पुलिस अनुमंडल अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।

