भास्कर न्यूज | बोकारो थर्मल कार्मेल उच्च विद्यालय, बोकारो थर्मल में तीन दिवसीय फुटबॉल चैम्पियनशिप 2026 का आयोजन उत्साह और रोमांच के साथ किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर प्रेमलता लॉरेंस एसी ने फुटबॉल को किक मारकर किया। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों में खासा उत्साह रहा। प्रतियोगिता के जूनियर ग्रुप के फाइनल मुकाबले में कक्षा सप्तम बी और अष्टम ए की टीम आमने-सामने हुई। रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए सप्तम बी की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। अष्टम ए की टीम उपविजेता रही। वहीं, सीनियर ग्रुप के फाइनल में कक्षा नवम बी और दशम ए के खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। इसमें दशम ए की टीम ने बाजी मारते हुए विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि नवम बी उपविजेता रही। जूनियर ग्रुप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आनंद कुजूर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। सीनियर ग्रुप में यह पुरस्कार अंकित कुमार को मिला। समापन समारोह में प्रधानाचार्या ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पूरी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
