![]()
भास्कर न्यूज | ठेठईटांगर प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार के दोपहर तेज बारिश के दौरान हुए वज्रपात से व्यापक नुकसान हुआ। इस दौरान दोपहर करीब ढाई बजे से दूसरे दिन सुबह तक करीब 15 घंटे विद्युतापूर्ति ठप रही। दूसरी ओर इसके चपेट में आने से 3 लोग घायल हो गए। जिसमे से पंडरीपानी निवासी की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सिमडेगा इलाज हेतु ले जाया गया। वहीं दूसरी घटना ठेठईटांगर पंचायत के लातापानी गांव में हुई, जिसमे कृष्णा लोहरा के घर में ही वज्रपात हो गया। इससे उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ तथा स्वयं भी आंशिक रूप से घायल हो गए। आकाशीय बिजली गिरने से घर को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। इस संबंध में कृष्ना ने बताया गया कि वज्रपात की चपेट में आने से घर में रखा टीवी, फ्रिज, इन्वर्टर, बैटरी और सोलर सिस्टम समेत कई विद्युत उपकरण खराब हो गए। वहीं, बिजली गिरने से घर के कुछ हिस्सों को भी क्षति पहुंची है। घटना के दौरान कृष्णा लोहरा और उनकी पत्नी ललिता लोहरा को भी हल्की चोटें आईं। हालांकि, दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। भास्कर न्यूज | सिमडेगा अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सिमडेगा पुलिस ने जिलेभर में विशेष एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 10 से 17 सितंबर तक सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में अभियान चलाकर वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों को रोककर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर भी विशेष निगरानी रखी। जांच के दौरान हेलमेट,सीट बेल्ट सहित यातायात नियमों के पालन को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ अवैध हथियार,मादक पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की आवाजाही पर रोक लगाना है। इसके अलावा जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी लगातार निगरानी की जा रही है। सिमडेगा पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा है कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
अपराध नियंत्रण को लेकर सिमडेगा में चला विशेष वाहन जांच अभियान
