![]()
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को अररिया के फारबिसगंज प्रखंड स्थित हरिपुर पंचायत का दौरा करेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर पंचायत सरकार भवन परिसर में ‘जन सहयोग शिविर’ और जनसभा की सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर हरिपुर उच्च विद्यालय के पीछे बनाए गए विशेष हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से वे सड़क मार्ग से पंचायत सरकार भवन परिसर पहुंचेंगे, जहां वे जन सहयोग शिविर और जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक पूरे मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। जर्मन हैंगर पंडाल का हुआ निर्माण सभा के लिए जर्मन हैंगर पंडाल का निर्माण कराया गया है, जहां बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और आपातकालीन सेवाओं की भी विशेष व्यवस्था की है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात हैं। जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।


