![]()
अररिया समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित जनता दरबार में कुल 95 मामलों की सुनवाई हुई। डीएम ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को नियम के अनुसार जांच कर समय-सीमा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जमीन से जुड़े मामलों की भरमार जनता दरबार में बड़ी संख्या में जमीन और अतिक्रमण से संबंधित शिकायतें पहुंचीं। नरपतगंज के बसमतिया निवासी रामेश्वर शाह ने बिहार सरकार की गैरमजरुआ आम जमीन के गलत बंटवारे और भू-अर्जन कार्यालय से मुआवजा लेने की शिकायत की। वहीं, भरगामा के मुनलाहपट्टी निवासी राजेंद्र प्रसाद यादव ने बिहार सरकार की जमीन पर कब्जे की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। बंदोबस्ती पर्चा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मांग फारबिसगंज के ढोलबज्जा निवासी मनीषा खातून ने बंदोबस्ती पर्चा उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया। रानीगंज के विशनपुर निवासी विनोद मंडल ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। पलासी के डेहटी दक्षिण निवासी सलीम खान समेत अन्य लोगों ने इलाके में ट्रांसफार्मर लगाने की मांग को लेकर आवेदन दिया। ग्रामीणों ने बिजली सुविधा से जुड़ी समस्या के समाधान की मांग रखी। पीसीसी सड़क निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत फारबिसगंज के कुड़वा लक्ष्मीपुर निवासी मुकेश कुमार ने वार्ड संख्या-6 में चल रहे पीसीसी ढलाई कार्य में गड़बड़ी की शिकायत की। उन्होंने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। नरपतगंज के मानिकपुर निवासी रामेश्वर राम समेत अन्य लोगों ने भू-हदबंदी से प्राप्त जमीन से बेदखल किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। मामले में कार्रवाई की मांग की गई। फसल खराब होने पर मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत पलासी के पचेली निवासी देवी रुखसाना खातून ने फसल खराब होने के बावजूद मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत डीएम से की। उन्होंने नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की। कुर्साकांटा निवासी प्रेमलता देवी ने अपनी खरीदी हुई जमीन से विरोधियों द्वारा बेदखल किए जाने की शिकायत की। उन्होंने मामले की जांच कर जमीन पर अधिकार दिलाने की मांग की। कई अन्य फरियादियों ने भी रखी समस्याएं जनता दरबार में मोतीलाल ऋषिदेव, असरफी दास, सुनीता देवी, मो. राजा नूर, अमित कुमार समेत कई अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी विनोद दूहन ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों और पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रसारित किया। अधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जवाबदेह प्रशासन पर जोर जनता दरबार के माध्यम से जिला प्रशासन आम लोगों की शिकायतों के समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह एवं संवेदनशील बनाने पर जोर दे रहा है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए फरियादियों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए।
अररिया में डीएम ने लगाया जनता दरबार:95 मामलों की सुनवाई, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
