![]()
अरवल जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। यह घटना सोमवार शाम को पारसी थाना क्षेत्र के गुल्ली बीघा गांव में हुई, जब किशोरी अपने घर के आंगन में परिवार के साथ बैठी थी। जानकारी के अनुसार, सुरेश महतो की पुत्री प्रीति कुमारी (16) अपने परिवार के सदस्यों के साथ आंगन में मौजूद थी। इसी दौरान मौसम में अचानक बदलाव आया और तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ। परिजनों ने बताया कि आकाशीय बिजली सीधे प्रीति कुमारी पर गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। परिवार के सदस्य उसे संभाल पाते, इससे पहले ही उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पारसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पारसी थाना अध्यक्ष राज आलम ने बताया कि प्रथम दृष्टया किशोरी की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
