भास्कर न्यूज | पत्थलगडा पत्थलगडा प्रखंड के नावाडीह बाजोबार गांव में वर्षों से चली आ रही अलग फीडर की मांग आखिरकार पूरी हो गई। आश्वासन मिलने के महज 24 घंटे के भीतर बुधवार शाम से अलग फीडर के माध्यम से नावाडीह में बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई। बिजली बहाल होते ही दोनों गांवों में खुशी का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार जताया। पूर्व पंचायत समिति सदस्य राजेश दांगी ने बताया कि नावाडीह पावर सब स्टेशन बनने और उद्घाटन होने के बाद से ही अलग फीडर की मांग लगातार उठाई जा रही थी। वर्ष 2019 में भी इस मांग को लेकर ग्रामीणों ने आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया था लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया था। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण नावाडीह पावर सब स्टेशन पहुंचे और अलग फीडर की मांग को लेकर एकदिवसीय धरना दिया। ग्रामीणों के आंदोलन को देखते हुए जेई तरुण कुमार और बीडीओ उदल राम धरना स्थल पहुंचे और तीन-चार दिनों के भीतर अलग फीडर चालू करने का आश्वासन दिया। विभाग ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के अंदर ही बुधवार शाम से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी। ग्रामीणों ने कहा कि अलग फीडर चालू होने से अब बिजली आपूर्ति व्यवस्था पहले की अपेक्षा बेहतर होगी और लोगों को लो-वोल्टेज तथा बार-बार बिजली कटने की समस्या से राहत मिलेगी।
