सरकारों को भत्ता-पेंशन की नीति बनाने की बजाय अधिक से अधिक रोजगार की नीति बनानी चाहिए। यह बात बुधवार को आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान के आओ राजनीति करें अभियान के तहत अब नारी की बारी कार्यक्रम के…
सरकारों को भत्ता-पेंशन की नीति बनाने की बजाय अधिक से अधिक रोजगार की नीति बनानी चाहिए। यह बात बुधवार को आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान के आओ राजनीति करें अभियान के तहत अब नारी की बारी कार्यक्रम के अंर्तगत आयोजित संवाद में महिलाओं ने कही।
बटुक भैरव मंदिर, कमच्छा के पास विश्व शांति महासंघ संस्था से जुड़ी इन महिलाओं ने महिला शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य के संबंध में बेहतरी के लिए कई सुझाव दिए। इस दौरान महिलाओं की स्थिति में सुधार के लिए वर्तमान कानून, योजनाओं के क्रियान्वयन को प्रभावी तौर पर लागू करने और जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही तय करने की मांग उठी। संवाद में हर धर्म में शादी के पंजीकरण के कानून को अनिवार्य किये जाने की बात उठी। चुनाव प्रचार में महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी पर भी कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठी।
मुद्दे-
-प्रत्येक थाने में एक महिला पुलिस तैनात हो जिससे महिला फरियादी खुलकर अपनी बात रख सके
-निजी स्कूलों में हर साल लिए जाने वाले एडमिशन फीस पर रोक लगे
-महिला कानूनों के क्रियान्वयन करने वाले विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही तय हो
-गरीब विशेषकर गांवों की महिलाओं के लिए योजनाओं पर जागरूकता लाई जाए
-पैतृक संपत्ति के अधिकार को लेकर जागरूकता लाई जाए
इन्होंने रखे विचार
आरती शर्मा, ऊषा अग्रवाल, ज्योति मौर्या, ऊषा सिंह, प्रेमशीला चतुर्वेदी, रेखा जायसवाल, बबीता अग्रवाल, डॉ. पुष्पा मिश्रा, सरिता विश्वकर्मा, वंदना श्रीवास्तव, आरती मेहरोत्रा, रजनी जैन आदि।
बोली महिलाएं
गुणवत्तायुक्त शिक्षा की नीति बननी चाहिए। निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक लगे और हर साल एडमिशन फीस का नियम खत्म हो।
अलका गुप्ता
बिना पंजीकरण के शादी को कानूनी मान्यता न दी जाए। इससे घरेलू हिंसा के मामलों पर नियंत्रण किया जा सकेगा और न्याय मिलेगा।
अर्चिता जैन
भ्रूण हत्या पर रोक से लिए पीसीपीएनडीटी एक्ट का कड़ाई से पालन जरूरी है। थानों में घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए काउंसिलिंग सेंटर बने।
डॉ. रितु गर्ग
चुनाव प्रचार में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वालों का नामांकन रद हो। इस तरह की टिप्पणियों से सभी महिलाओं का अपमान होता है।
डॉ. रीता जायसवाल
छेड़खानी के मामलों में कमी नहीं आ रही है। पुलिस, प्रशासन और सरकार को एक ठोस नीति व कार्ययोजना बनाकर इस पर रोक के लिए काम करना चाहिए।
नेहा यादव
इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट करने के बाद भी बच्चियां बेरोजगार हैं, इनकी प्रतिभा को देखते हुए सरकार को रोजगार गारंटी की व्यवस्था करनी चाहिए।
सीमा गिरी
स्कूलों में सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग अनिवार्य हो। पढ़े-लिखे बच्चों के रोजगार की सरकार व्यवस्था करे तो कई समस्याएं खुद ब खुद हल हो जाएंगी।
सरोज यादव


