![]()
खगड़िया में 12 घंटे के अंदर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गोली मारकर दो लोगों की हत्या कर दी गई है। पहला मामला बेलदौर थाना क्षेत्र के सकरोहर गांव का है। यहां घर की छत पर सो रहे युवक की अज्ञात अपराधियों ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान सकरोहर पंचायत के वार्ड नंबर 11 राम टोला निवासी दुखभंजन राम के बेटे ज्योतिष राम (24) के रूप में हुई है। परिजन ने बताया कि ज्योतिष राम दूसरे प्रदेश में मजदूरी करता था। वह रक्षाबंधन में घर आया हुआ था एक-दो दिन में वापस काम पर जाने वाला था। रक्षाबंधन पर उसकी बहन लक्ष्मी देवी भी राखी बांधने घर आई थी। परिजनों के अनुसार, ज्योतिष का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। खाना खाने के बाद छत पर गया था सोने परिजन के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद ज्योतिष घर की छत पर सोने चला गया था। देर रात अज्ञात अपराधियों ने छत पर पहुंचकर उसके सिर में गोली मार दी। मृतक के बड़े भाई नीतीश ने बताया कि उनके पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं। ज्योतिष भी मकान निर्माण में मजदूरी करता था। घटना के समय गोली चलने की आवाज सुनकर बड़ी बहन लक्ष्मी छत पर पहुंची थी, लेकिन ज्योतिष को सोया समझकर वापस लौट गई। वहीं छोटी बहन पूजा ने बताया कि रात करीब आठ बजे उसकी ज्योतिष से फोन पर बात हुई थी। पड़ोसी और रिश्ते में चाची सुनीता देवी ने भी देर रात गोली चलने की आवाज सुनने की बात कही है। छज्जे के सहारे छत पर पहुंचा आरोपी पुलिस के मुताबिक, अपराधी पड़ोसी बेचन राम के सुनसान घर के छज्जे के सहारे छत पर पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। दूसरी घटना पिछली रात पसराहा थाना क्षेत्र में हुई। यहां भी गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या की गई। महज 12 घंटे के अंदर दो हत्याओं से पुलिस की कार्यशैली और अपराध नियंत्रण पर सवाल खड़े हो गए हैं। बेलदौर घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस दोनों मामलों में हत्या के कारणों, घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।
12 घंटे में 2 लोगों की गोली मारकर हत्या:खगड़िया में छत पर सो रहे मजदूर के सिर पर की फायरिंग, राखी में पंजाब से आया था घर
