![]()
कार्तिक उरांव महाविद्यालय गुमला में आज स्नातक सत्र 2026–30 व स्नातकोत्तर व बीएड सत्र 2025–27 के नव नामांकित शिक्षार्थियों के स्वागत और उनके महाविद्यालयी जीवन के शुभारंभ के अवसर पर दीक्षारंभ समारोह-2026 का भव्य व गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। समारोह में लगभग 1500 नव नामांकित शिक्षार्थियों की उत्साहपूर्ण व जोरदार उपस्थिति रही। पूरे परिसर में विद्यार्थियों के बीच उत्साह, उमंग और नई ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। समारोह का शुभारंभ महाविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षार्थियों द्वारा नव नामांकित शिक्षार्थियों के पारंपरिक और आत्मीय स्वागत से हुआ। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागंतुक शिक्षार्थियों को तिलक लगाकर भारतीय परंपरा के अनुरूप उनका स्वागत किया। इस अवसर ने नवागंतुकों को महाविद्यालय परिवार के साथ आत्मीय जुड़ाव का अनुभव कराया। इसके पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सीमा व उपस्थित सम्मानित शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलित कर समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुई। छात्राओं की एक टोली द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत गीत ने समारोह में गरिमा व आत्मीयता का संचार किया। समारोह के समापन सत्र में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सीमा ने नव नामांकित शिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए उनका आत्मीय स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्या ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “आपके पास सपने देखने का अधिकार भी है और उन सपनों को साकार करने की क्षमता भी। महाविद्यालय आपको केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं देता, बल्कि आपको एक जिम्मेदार, संवेदनशील और सक्षम नागरिक बनने का मंच प्रदान करता है। डॉ. सीमा ने विद्यार्थियों से महाविद्यालय की गरिमा व अनुशासन को बनाए रखने, शिक्षकों का सम्मान करने तथा अपने सहपाठियों के साथ सहयोग और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने का आह्वान किया। समारोह के बीच-बीच में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को जीवंत एवं आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. जी. भवानी कुमार रजक तथा राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अजीत हंसदा द्वारा किया गया। दोनों संचालकों ने कार्यक्रम को सहज, रोचक एवं गरिमापूर्ण ढंग से आगे बढ़ाते हुए समारोह को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आपके पास सपने देखने का अधिकार और पूरा करने की क्षमता है : प्राचार्या

