हमारा नेता स्वच्छ छवि का होना चाहिए। नेता को अभिनेता नहीं होना चाहिए। वह स्वास्थ्य और शिक्षा की लुंज-पुंज व्यवस्था पर चोट करे। भारत युवाओं का देश है। इसलिए हमारा नेता वैसा हो, जो युवाओं के लिए सौ…
हमारा नेता स्वच्छ छवि का होना चाहिए। नेता को अभिनेता नहीं होना चाहिए। वह स्वास्थ्य और शिक्षा की लुंज-पुंज व्यवस्था पर चोट करे। भारत युवाओं का देश है। इसलिए हमारा नेता वैसा हो, जो युवाओं के लिए सौ फीसदी रोजगार पैदा करे।
यह कहना था, दरभंगा हाउस गेट पर स्थित चाय दुकान पर जुटे युवाओं का। यहां ‘आओ राजनीति करें’ के तहत युवाओं से पूछा गया, ‘उनका नेता कैसा हो?’ विषय पर युवाओं ने खुलकर अपनी राय रखी। युवाओं का कहना था कि हमारे नेता के लिए देश की अखंडता महत्वपूर्ण होना चाहिए। हमारा नेता ऐसा कदापि नहीं होना चाहिए जो खुद पर करोड़ों पर रुपए खर्च करे। नेता ऐसा होना चाहिए जो जाति और संप्रदाय से उठकर बात करे। युवाओं का कहना था कि हमारे नेता के लिए देश की अखंडता महत्वपूर्ण होनी चाहिए।
हमारा नेता स्वच्छ छवि का होना चाहिए। वह हमारे भरोसे का हो। रोजगार की व्यवस्था करे। उसके लिए शिक्षा और स्वास्थ्य मुख्य मुद्दा होना चाहिए। आज देश की स्थिति यह है कि जो संपन्न हैं, उनके बच्चे निजी स्कूल में पढ़ते हैं, लेकिन गरीब को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया नहीं हो पाती है।
– विनीत
हमारा नेता ऐसा होना चाहिए, जो जाति और संप्रदाय से उठकर बात करे। वह राष्ट्रवादी किस्म का होना चाहिए। उसके लिए राष्ट्र का हित सबसे ऊपर हो। होता यह है कि ज्यादातर नेताओं के लिए उनका व्यक्तिगत हित सबसे ऊपर होता है।
– अभिनव कुमार
आज का छात्र कल बेरोजगार न हो। हमारा नेता ऐसा, हो जो बेरोजगारी दूर करने के लिए
हरसंभव प्रयास करे। उसकी नीति में रोजगार सबसे ऊपर हो। वह देश की सुरक्षा का ध्यान रखने वाला हो। वह फैसला लेने वाला हो। कोई भी फैसला ले तो देश हित में।
– नीतीश पटेल
हमारे एक साथी ने बोला कि देश में बेरोजगारी बड़ा मुद्दा है। उसे दूर करने वाला हमारा नेता चाहिए। हमारा नेता सिर्फ बातें करने वाला नहीं हो। वह काम करने में विश्वास करता हो। छात्रों को डिग्री मिले तो वह रोजगार दिलाने में भी सहायक हो। हमारा नेता स्वास्थ्य-शिक्षा की बात करने वाला होना चाहिए।
– सुजीत कुमार
देश का नेता ऐसा होना चाहिए जो देश को समझे। देश में जातिवाद और संप्रदायवाद बहुत ज्यादा है। हमारा नेता ऐसा होना चाहिए, जो इसे दूर करे। वह संविधान में भरोसा रखने वाला भी होना चाहिए। नेता को दूरदर्शी भी होना जरूरी है।
– मणिकांत
हम लोगों को ऐसा नेता चाहिए जो देश की अखंडता में बात करता हो और उसमें विश्वास रखता हो। हम लोग वैसे नेताओं को ही वोट देंगे जो देश को स्थिरता दे सके। देश की सुरक्षा को प्राथमिकता पर रखने वाले नेता को ही हम चुनेंगे।
– कुमार सत्यम
भारत एक युवा देश है। हमारा नेता ऐसा हो जो युवाओं की समस्या को लेकर बात करे। ऐसा नहीं होना चाहिए जो पांच साल काम की बजाय डींग हांकने में बिता दे। नेता ऐसा होना चाहिए, जिससे जनता सीधा संवाद कर सके। वह ईमानदार भी हो।
– नीरज यादव
देश का नेता ऐसा होना चाहिए जो समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति के लिए समान रूप से सोचे। वह समाज की बात पहले करे। नेता सामाजिक न्याय की बात करने वाला होना चाहिए। हमें इसी तरह के नेताओं के लिए वोट करना चाहिए।
– आर्यन
भारत युवा और किसान का देश है। हमारा नेता ऐसा होना चाहिए, जो इनके हितों की बात करता हो। वह रोजगार की बात करने वाला होना चाहिए। समाज की अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के बारे में भी बात करे। वह जाति और संप्रदाय से ऊपर उठकर बात करे।
– अहमद हुसैन आरजू
नेता को अभिनेता नहीं होना चाहिए। वह खुद पर करोड़ों रुपए खर्च करने वाला नहीं हो। नेता ऐसा नहीं हो, जो चुनाव के समय नौकरी के लिए वैकेंसी लाए। नेता ऐसा होना चाहिए, जो संप्रदाय और जाति की बात नहीं करे।
– पप्पू सिंह यादव

