Top 5 This Week

Related Posts

आज झारखंड में चढ़ा रहेगा पारा:35 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, मौसम रहेगा साफ; आने वाले दिनों में हीट वेव का अलर्ट


झारखंड में गर्मी अब धीरे-धीरे असर दिखाने लगी है। मंगलवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी होगी। राजधानी रांची समेत कई जिलों में दिनभर तेज धूप रहेगी और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जमशेदपुर में पारा 39.6 डिग्री तक पहुंच गया। राज्य के ज्यादातर जिलों में तापमान 35 डिग्री के पार बना हुआ है, जिससे दिन और शाम दोनों समय गर्मी का अहसास हो रहा है। अगले 5 दिनों में और सताएगी गर्मी मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले पांच दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। 17 अप्रैल को रांची सहित 12 जिलों में हीट वेव की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से पलामू, हजारीबाग, लोहरदगा और गुमला जैसे क्षेत्रों में गर्म हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, संथाल परगना क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश के संकेत भी मिले हैं। वहीं, 18 अप्रैल को कोल्हान और आसपास के इलाकों में छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है। बारिश की नहीं है कोई संभावना मंगलवार को झारखंड में कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है। आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेंगी। जमशेदपुर और पलामू में तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है, जिससे ये क्षेत्र सबसे अधिक गर्म रहेंगे। रांची और गुमला में तापमान थोड़ा कम रह सकता है, लेकिन वहां भी गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल तापमान सामान्य से ऊपर है, लेकिन हीट वेव की स्थिति तब मानी जाएगी जब पारा लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहेगा। दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह मौसम वैज्ञानिकों ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर दोपहर 11 बजे से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने को कहा गया है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा धूप से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई है। आने वाले दिनों में तापमान में और तेजी आने के संकेत हैं, जिससे हीट वेव का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही भारी पड़ सकती है, इसलिए जरूरी है कि लोग समय रहते सावधानी बरतें।

Spread the love

Popular Articles