![]()
आज से रणजी ट्रॉफी की शुरुआत हो रही है। पहले मैच में मेजबान बिहार का सामना उत्तर प्रदेश से होगा। बिहार की टीम घरेलू मैदान पर जीत के साथ एलीट ग्रुप में अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेगी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकटर रिंकू सिंह की धमाकेदार पारी देखने को मिलेगी। वहीं, अपने पहले IPL सीजन में 11 मैचों में 15 विकेट ले चुके साकिब हुसैन और मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी मोहम्मद इजहार बिहार के लिए रणजी खेलते नजर आएंगे। यह मुकाबला राजगीर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा। राजगीर में पहली बार किसी क्रिकेट मैच का आयोजन हो रहा है। एलीट ग्रुप में वापसी के बाद जीत पर बिहार की नजर बिहार की टीम पिछले सत्र में प्लेट ग्रुप की चैंपियन बनी थी, जिसके बाद उसे फिर से एलीट ग्रुप में खेलने का मौका मिला है। इससे पहले एलीट ग्रुप में टीम को जीत नहीं मिली थी और उसे निचले पायदान पर रहने के कारण प्लेट ग्रुप में जाना पड़ा था। इस बार टीम पिछले प्रदर्शन से आगे बढ़कर बेहतर शुरुआत करने की कोशिश करेगी। वैभव सूर्यवंशी रणजी के शुरुआती दो मैच नहीं खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी रणजी ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों में बिहार के लिए नहीं खेलेंगे। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेली जाएगी। बिहार को रणजी में पहला मुकाबला 11 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के खिलाफ खेलना है। ऐसे में शुरुआती दो राउंड के दौरान वैभव भारतीय टीम की तैयारी और न्यूजीलैंड दौरे में व्यस्त रहेंगे। साकिब हुसैन संभालेंगे पेस अटैक IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज साकिब हुसैन टीम के पेस अटैक की अगुआई करेंगे। उन्होंने अपने पहले IPL सीजन में 11 मैचों में 15 विकेट लिए थे। अनकैप्ड बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद इजहार को भी टीम में जगह मिली है। उन्हें इस बार IPL में मुंबई इंडियंस ने खरीदा था। बिहार टीम में शकीबुल गनी कप्तान, हिमांशु सिंह उपकप्तान उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुकाबले के लिए बिहार की टीम की कमान शकीबुल गनी को सौंपी गई है, जबकि हिमांशु सिंह उपकप्तान होंगे। टीम में आयुष लोहारुका, मंगल महरूर, नमन गौरव, पीयूष सिंह, बिपिन कुमार सौरभ, सरमन निगरोध, आकाश राज, पृथ्वी राज, खालिद आलम, सूरज कुमार कश्यप, शाकिब हुसैन, एमडी इजहार, शब्बीर खान, राघवेंद्र सिंह और अमोद यादव शामिल हैं। उत्तर प्रदेश की टीम में भारतीय टीम के लिए खेल चुके रिंकू सिंह के अलावा कप्तान और विकेटकीपर आर्यन जुयाल, अभिषेक गोस्वामी, आराध्य यादव, करन शर्मा, माधव कौशिक, आदित्य शर्मा, सिद्धार्थ यादव, प्रशांतवीर, कार्तिक यादव, जीशान अंसारी, वंश चौधरी, यश दयाल, प्रियम गर्ग, अभिनंदन सिंह और कार्तिक त्यागी शामिल हैं। 27 जनवरी तक होंगे घरेलू क्रिकेट के मुकाबले बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अनुसार, राजगीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 11 अक्टूबर से 27 जनवरी 2027 तक विभिन्न घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान बिहार की टीम उत्तर प्रदेश के अलावा गोवा, बड़ौदा, तमिलनाडु, सौराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर और विदर्भ की टीमों से भी भिड़ेगी। घरेलू मैदान पर तीन बड़े मुकाबले खेलेगा बिहार रणजी सत्र के कार्यक्रम के अनुसार बिहार तीन अहम मुकाबले खेलेगा। पहला मैच 11 से 14 अक्टूबर के बीच उत्तर प्रदेश के खिलाफ होगा। इसके बाद 17 से 20 जनवरी तक बिहार की भिड़ंत गत विजेता जम्मू-कश्मीर से होगी। घरेलू अभियान का तीसरा और अंतिम मुकाबला 24 से 27 जनवरी तक पूर्व चैंपियन विदर्भ के खिलाफ खेला जाएगा।
आज से रणजी मुकाबला शुरू, यूपी से भिड़ेगी बिहार टीम:क्रिकेटर रिंकू सिंह पर रहेंगी निगाहें, IPL खेल चुके साकिब हुसैन संभालेंगे बिहार का पेस अटैक
