Sunday, May 24, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

आय से अधिक संपत्ति मामले में फंसे प्रधान लिपिक, 5 माह से फरार


भास्कर न्यूज |गिरिडीह आय से अधिक संपत्ति मामले में घिरे गिरिडीह जिले के प्रधान लिपिक प्रदीप गोस्वामी गिरफ्तारी के डर से पिछले पांच माह से फरार बताए जा रहे हैं। वर्तमान में वे पीरटांड़ प्रखंड में पदस्थापित हैं। एसीबी द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद उन्होंने गिरफ्तारी से बचने की काफी कोशिश की, लेकिन दबाव बढ़ने पर 20 दिसंबर 2025 से अचानक गायब हो गए। जानकारी के अनुसार, 29 दिसंबर 2025 को पीरटांड़ बीडीओ कार्यालय को प्रदीप गोस्वामी की ओर से स्पीड पोस्ट के माध्यम से एक पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें उन्होंने अनिश्चितकालीन अवकाश पर जाने की सूचना दी थी। हालांकि पत्र में छुट्टी लेने के कारणों का कोई उल्लेख नहीं किया गया था। इसके बाद पांच माह बीत जाने के बावजूद उन्होंने न तो कार्यालय में योगदान दिया और न ही विभाग को अपनी स्थिति से अवगत कराया। प्रधान लिपिक के लगातार गायब रहने की जानकारी पीरटांड़ बीडीओ मनोज मरांडी ने उपायुक्त को दे दी। इसके बाद उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी की ओर से अखबार में इश्तेहार प्रकाशित कर प्रदीप गोस्वामी को तत्काल ड्यूटी जॉइन करने का निर्देश दिया गया है। इश्तेहार में बिना कारण बताए ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का उल्लेख करते हुए चेतावनी दी गई है कि एक सप्ताह के भीतर योगदान नहीं देने पर विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी। स्पीड पोस्ट से मिली सूचना पीरटांड़ बीडीओ मनोज मरांडी ने बताया कि प्रदीप गोस्वामी ने छुट्टी के संबंध में कोई व्यक्तिगत सूचना नहीं दी थी। केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसमें छुट्टी का कारण नहीं लिखा गया था। उनका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ है और गिरिडीह स्थित आवास पर भी वे मौजूद नहीं हैं। ऐसे में पूरे मामले की जानकारी उपायुक्त को भेज दी गई है। बताया जाता है कि प्रदीप गोस्वामी पिछले दो दशक से समाहरणालय के विभिन्न विभागों में कार्यरत रहे हैं। इस दौरान उन्होंने परिवहन विभाग, स्थापना शाखा, आपूर्ति विभाग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में सेवाएं दी हैं।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles