![]()
पटना में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती एक 23 वर्षीय युवती के लिए मुश्किल बन गई। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने शादी की बात की तो आरोपी ने इनकार कर दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला पटना के श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र स्थित एक होटल से जुड़ा है। पीड़िता गर्दनीबाग थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने सकसोहरा निवासी हर्ष राज पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया, ‘कुछ समय पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हर्ष राज से हुई थी। शुरुआती बातचीत के बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। इस दौरान हर्ष उसे लगातार शादी का भरोसा दिलाता रहा, जिस पर उसने आरोपी पर भरोसा कर लिया। शिकायत के मुताबिक, आरोपी इस वर्ष 14 जनवरी, 17 फरवरी, 5 अप्रैल और 4 मई को पटना आया। हर बार वह पीड़िता को बोरिंग रोड स्थित एक निजी होटल में ले गया, जहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि जब भी उसने विरोध किया, आरोपी जल्द शादी करने का वादा कर उसे भरोसा दिलाता रहा। शादी से मुकरा, धमकी देने का भी आरोप पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कुछ समय बाद जब उसने शादी की तारीख तय करने का दबाव बनाया तो आरोपी का व्यवहार बदल गया। उसने बातचीत कम कर दी और धीरे-धीरे दूरी बनाने लगा। बाद में उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। युवती का आरोप है कि आरोपी ने यह भी कहा कि वह केवल उसका इस्तेमाल कर रहा था और अब उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहता। शिकायत में कहा गया है कि जब पीड़िता ने कानूनी कार्रवाई की बात कही तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने आरोपी के परिजनों से भी संपर्क कर न्याय की मांग की, लेकिन वहां से भी कोई मदद नहीं मिली। पुलिस ने दर्ज किया मामला इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर आरोपी हर्ष राज के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। महिला थाना की ओर से बताया गया है कि युवती की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
