Friday, May 8, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

एसएसबी के वीर शहीदों को स्मरण परेड में दी गयी श्रद्धांजलि

16वीं वाहिनी एसएसबी जमुई में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर किया नमन

खैरा. क्षेत्र के पकरी स्थित 16वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) परिसर में शनिवार को वीर शहीदों की स्मृति में स्मरण परेड का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम कार्यवाहक कमांडेंट गोविंद कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ. परेड के दौरान उन बहादुर जवानों को श्रद्धांजलि दी गयी, जिन्होंने राष्ट्र सेवा के दौरान अपने प्राणों की आहुति देकर सर्वोच्च बलिदान दिया था. इस अवसर पर वाहिनी के शहीद मुख्य आरक्षी (सामान्य) स्व पी इबोटोम्बी सिंह, मुख्य आरक्षी (सामान्य) स्व मणिमाचा सिंह, नायक स्व लैशराम मणि सिंह, आरक्षी (सामान्य) स्व थिंगुजाम कांता सिंह, लांस नायक (आर्मर) स्व हंखोलेट कुकी तथा आरक्षी (सामान्य) स्व चिंगजाहाओ कुकी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. इन सभी वीर जवानों ने 14 मार्च 1992 को राष्ट्र सेवा के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था. कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के अदम्य साहस और समर्पण को नमन किया. कार्यक्रम के दौरान कार्यवाहक कमांडेंट गोविन्द कुमार ने जवानों को संबोधित करते हुए शहीदों के बलिदान को याद किया. उन्होंने बताया कि वर्ष 1992 में इम्फाल के लंगथाबलकैप क्षेत्र में एक अस्थायी फायरिंग रेंज में जवान नियमित फायरिंग अभ्यास कर रहे थे. 14 मार्च 1992 को सहायक कमांडेंट जगदीश राम के नेतृत्व में 17 जीसी कर्मियों की टीम सुरक्षा एवं प्रशासनिक ड्यूटी के लिए फायरिंग रेंज की ओर जा रही थी. इसी दौरान उग्रवादियों ने घात लगाकर चारों ओर से भारी फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुए इस भीषण हमले में एसएसबी के कई जवान वीरगति को प्राप्त हो गये. उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों ने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिये. गोविन्द कुमार ने कहा कि इन जवानों का बलिदान केवल उनके परिवारों के लिए ही नहीं,बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि इन वीर जवानों ने यह साबित कर दिया कि राष्ट्र सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं होता. उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा. कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया. यह कार्यक्रम पूरे सम्मान और गरिमा के साथ संपन्न हुआ.

The post एसएसबी के वीर शहीदों को स्मरण परेड में दी गयी श्रद्धांजलि appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles