
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित 11 हजार कंठों के भगवद्गीता पाठ कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि बंगाल में अब हालात बदल गये हैं और किसी धर्म का पालन करने या उसका प्रचार करने से डरने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि साधु-संतों का अपमान करने या उन्हें डराने वालों को सरकार जेल भेजेगी और ‘गौमाता’ की रक्षा करेगी.
मन खोलकर गीता का पाठ करें : शुभेंदु
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने लोगों से मन खोलकर गीता का पाठ करने और उसका वितरण करने की अपील की. उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा का पाठ करें, शंख, मृदंग और खंजरी बजायें व ‘हरे कृष्ण’ का नाम लें. किसी तरह का डर नहीं है. उन्होंने कहा : मौसम भी बदल गया है और जमाना भी बदल गया है. मुख्यमंत्री ने राज्य में ‘टीका, शिखा, धोती और तुलसी वाली सरकार’ होने की बात कही और इसे ‘गौमाता की रक्षा करने वाली सरकार’ बताया. उन्होंने लोगों से एकजुट रहने की अपील भी की.
धीरेंद्र शास्त्री की तस्वीर जलाने की घटना का जिक्र
मुख्यमंत्री ने हाल में लिलुआ में बागेश्वर बाबा के नाम से चर्चित धीरेंद्र शास्त्री की तस्वीर जलाये जाने की घटना का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि तस्वीर जलाने के आरोप में कुछ लोगों को घटना वाली रात ही गिरफ्तार किया गया. शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र देश में साधु-संत सनातन धर्म का प्रचार कर सकते हैं. लोग उनकी बातों को मानें या न मानें, यह उनकी इच्छा है, लेकिन उनका अपमान या उन्हें डराना स्वीकार नहीं किया जायेगा.
ये भी पढ़ें: कोलकाता में ‘11000 कंठ से गीता पाठ’, शुभेंदु बोले- डरें नहीं, बंगाल में अब टीका, शिखा, धोती और तुलसी वाली सरकार
ब्रिगेड मैदान के गीता पाठ में मुख्य अतिथि हो सकते हैं मोहन भागवत
शुभेंदु अधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान 29 दिसंबर को कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में 10 लाख कंठों से गीता पाठ आयोजित करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है. उन्होंने ब्रिगेड में पहले हुए लक्ष कंठों के गीता पाठ और सिलीगुड़ी में आयोजित बड़े धार्मिक कार्यक्रम का भी उल्लेख किया.
जनवरी में ब्रिगेड में धार्मिक सभा का दावा
मुख्यमंत्री ने जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य के साथ हुई बातचीत का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उन्हें आशीर्वाद मिला है कि स्वामी रामभद्राचार्य 15 जनवरी 2027 को मकर संक्रांति के अवसर पर गंगासागर में पुण्य स्नान करेंगे. उन्होंने दावा किया कि 16 से 24 जनवरी तक ब्रिगेड में 1,000 कुंडों की धार्मिक सभा का आयोजन होगा और स्वामी रामभद्राचार्य इसका नेतृत्व करेंगे.
‘आजादी’ के बयान पर ममता पर निशाना
कार्यक्रम के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा. उन्होंने शनिवार को श्रीरामपुर में ममता बनर्जी की सभा में ‘आजादी’ संबंधी कथित टिप्पणी की आलोचना की. उन्होंने कहा कि भारत को 1947 में स्वतंत्रता मिल चुकी है और मैदान में खड़े होकर ‘आजादी’ के नारे लगाने वालों के खिलाफ राष्ट्रवादी जनता को एकजुट होना होगा. उन्होंने लोगों से विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ सतर्क रहने की अपील की. शुभेंदु अधिकारी ने ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ और ‘कश्मीर मांगे आजादी’ जैसे नारों का भी उल्लेख किया व ऐसे नारों के खिलाफ एकजुट रहने की बात कही.
मुख्यमंत्री ने किया गीता पाठ
कार्यक्रम के अंत में शुभेंदु अधिकारी ने स्वयं भगवद्गीता के एक अध्याय का पाठ किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और साधु-संत मौजूद रहे.
The post शुभेंदु अधिकारी का ऐलान- 29 दिसंबर को ब्रिगेड में 10 लाख कंठों से होगा गीता पाठ के आयोजन की घोषणा appeared first on Prabhat Khabar.

