![]()
औरंगाबाद में रविवार को 11,300 घनफीट में अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया। जिला खनन पदाधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में खान निरीक्षक कुमार प्रत्यूष की टीम ने ग्राम केरा स्थित एक ईंट-भट्ठा के पास छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान पांच अलग-अलग स्थानों पर बड़ी मात्रा में बालू का अवैध भंडारण पाया गया। टीम ने सभी स्थलों पर बालू की मापी कराई, जिसमें कुल 11,300 घनफीट बालू भंडारित पाया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से बालू के मालिक के संबंध में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी। दाउदनगर थाना क्षेत्र केरा गांव में कार्रवाई की गई है। बिना वैध अनुमति के भंडारण प्राथमिक जांच में यह सामने आया कि बालू अवैध खनन के माध्यम से प्राप्त कर बिना वैध अनुमति के खुले स्थानों पर भंडारित किया गया था। जिला प्रशासन के अनुसार ये बिहार मिनरल्स (कनसेशन, प्रिवेंशन ऑफ इल्लीगल माइनिंग, ट्रांसपोर्टेशन एंड स्टोरेज) नियमावली, 2019 का उल्लंघन है। कार्रवाई के दौरान सभी भंडारण स्थलों का जीपीएस लोकेशन दर्ज किया गया और साक्ष्य के तौर पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। जब्त बालू खुले स्थान पर होने के कारण उसके चोरी या अवैध निकासी की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा की जिम्मेदारी 3-सी बालू घाट के बंदोबस्तधारी रमेश कुमार भारती को सौंपी है। वहीं खान निरीक्षक ने दाउदनगर थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अभियान आगे भी जारी रहेगा जिला प्रशासन ने कहा कि अवैध खनन और बालू के अवैध कारोबार से सरकार को राजस्व की भारी क्षति होती है, साथ ही पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित होता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

