![]()
औरंगाबाद के नवीनगर थाना क्षेत्र के ठेंगो ग्राम पंचायत अंतर्गत प्रहलाद बिगहा गांव के बधार में रविवार को मिट्टी काटने के दौरान हादसा हुआ। इसमें एक किसान की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। घर की लिपाई के लिए मिट्टी काटते समय हुआ हादसा प्रहलाद बिगहा निवासी मुंद्रिका चंद्रवंशी के 47 साल के बेटे जय कुमार अपने बेटे गुलशन कुमार के साथ घर की लिपाई के लिए खेत में बने एक बड़े गड्ढे से मिट्टी काट रहे थे। दोनों गड्ढे के अंदर उतरकर नीचे की परत से मिट्टी निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर की मिट्टी भरभराकर दोनों के ऊपर धंस गई। जय कुमार पूरी तरह से मिट्टी के नीचे दब गए, जबकि गुलशन कुमार किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा। हालांकि इस दौरान उसे भी चोटें आईं। घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला और तत्काल नवीनगर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित, बेटे का चल रहा इलाज नवीनगर रेफरल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर चंदन कुमार ने जांच के बाद जय कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल गुलशन कुमार का प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। जय कुमार अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार पीड़ित परिवार के घर पहुंचे तथा परिजनों को ढांढस बंधाया। परिजन बिना पोस्टमार्टम के घर ले गए शव घटना के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को घर ले गए। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में घरों की लिपाई या अन्य कार्यों के लिए गहरे गड्ढों से मिट्टी निकालने के दौरान इस तरह की दुर्घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। बिना सुरक्षा इंतजाम के गहरे गड्ढों में उतरकर मिट्टी काटना जानलेवा साबित हो सकता है। स्थानीय लोगों ने कहा कि अधिकांश हादसे लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण होते हैं। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और गहरे गड्ढों से मिट्टी निकालते समय पर्याप्त सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।


