Thursday, August 13, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

औरंगाबाद में निकली तिरंगा यात्रा:डीएम ने शहीद सिपाही को दी श्रद्धांजलि, ‘भारत माता की जय’ के लगे नारे


औरंगाबाद के बारुण प्रखंड की टेंगरा पंचायत में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में डीएम अभिलाषा शर्मा सहित अन्य जिला स्तर के अधिकारी और छात्र-छात्राओं के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी रहे। तिरंगा यात्रा की शुरुआत टेंगरा पंचायत सरकार भवन से हुई, जो शहीद सिपाही संतोष साव के स्मारक स्थल तक पहुंची। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद सिपाही संतोष साव अमर रहें’ के नारे लगते रहे। अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा। साथ ही लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। तिरंगा यात्रा के शहीद स्मारक स्थल पहुंचने के बाद जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने शहीद सिपाही संतोष साव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान शहीद की वीरता और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। इसके बाद जिला पदाधिकारी ने शहीद संतोष साव के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें शॉल भेंट कर सम्मानित किया। आतंकियों के हमले में शहीद हुए थे डीएम ने बताया कि शहीद संतोष साव 161वीं बटालियन में कांस्टेबल के रूप में देश की सेवा कर रहे थे। 25 जून 2016 को ड्यूटी से अपने साथियों के साथ लौटने के दौरान आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया था। अचानक हुई गोलीबारी और बस के अंदर फेंके गए ग्रेनेड के बीच उन्होंने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए वीरगति प्राप्त की। ऐसे वीर सपूतों के बलिदान की वजह से आज देशवासी तिरंगे को गर्व और सम्मान के साथ फहराते हैं। उनके त्याग और साहस से आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती रहेगी। देश और समाज के प्रति कर्तव्य निभाने का लिया संकल्प जिला पदाधिकारी ने कहा कि टेंगरा पंचायत की धरती से शहीद संतोष साव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे देश, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने आमजनों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता करने और अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। शहीदों ने इसकी आन-बान-शान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करे।
कार्यक्रम में ये रहे शामिल कार्यक्रम में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता आपदा उपेंद्र पंडित, अपर समाहर्ता विशेष शाखा मोहम्मद सादुल हसन खां, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, बारुण के प्रखंड विकास पदाधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles