![]()
औरंगाबाद के कुटुंबा प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय किशुनपुर में शनिवार को मध्यान्ह भोजन के चावल को लेकर पूरे दिन हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। विद्यालय के लिए 42 बोरा चावल पहुंचा, लेकिन केवल दो बोरा चावल विद्यालय में उतारा गया, जबकि शेष 40 बोरा उसी पिकअप वाहन से वापस ले जाया जाने लगा। जैसे ही इसकी जानकारी ग्रामीणों को मिली, उन्होंने संडा बालूगंज मोड़ के पास वाहन को रोक लिया और हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हेड मास्टर राम पुकार मेहता चावल बेचने के उद्देश्य से बाजार ले जा रहे थे। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रणविजय कुमार तथा एमडीएम प्रभारी प्रभाकर कुमार मौके पर पहुंचे। हालांकि प्रधानाध्यापक ने चावल बेचने के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि चावल खराब होने के कारण उसे वापस किया जा रहा था। ग्रामीणों ने स्टॉक और एमडीएम संचालन पर उठाए सवाल वार्ड सदस्य सह विद्यालय शिक्षा समिति अध्यक्ष के पति एयाज अंसारी, विपिन चौधरी सहित कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में पहले से ही पर्याप्त मात्रा में चावल मौजूद है और वास्तविक स्टॉक रजिस्टर में दर्ज मात्रा से अधिक है। उनका कहना था कि अतिरिक्त चावल को बेचने का प्रयास किया जा रहा था। ग्रामीणों ने एमडीएम संचालन, शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यालय के कार्यों पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मामले को दबाने का प्रयास किया गया, तो वे आंदोलन करेंगे। इस दौरान मुखिया गुलाम सरवर, सरपंच रमेश मालाकार, पंचायत समिति सदस्य दिलीप चौधरी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। घटना से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है। बीईओ बोले- जांच होगी, प्रधानाध्यापक का होगा स्थानांतरण ग्रामीणों ने बताया कि साल 2023 में भी प्रधानाध्यापक राम पुकार मेहता पर एमडीएम में गड़बड़ी और शैक्षणिक लापरवाही के आरोप लगे थे, जिसके बाद उन्हें विद्यालय से हटाया गया था। हालांकि जुलाई 2024 में उनकी दोबारा इसी विद्यालय में पदस्थापना कर दी गई। बीईओ रणविजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर जांच के लिए विद्यालय पहुंचे थे। प्रधानाध्यापक ने चावल खराब होने के कारण उसे वापस करने की बात कही है और चावल रिसीव भी नहीं किया गया था, इसलिए उसे गोदाम भेज दिया गया। उन्होंने स्वीकार किया कि विद्यालय में रजिस्टर में दर्ज स्टॉक से अधिक चावल पाया गया है, हालांकि इसकी विस्तृत जांच अभी बाकी है। बीईओ ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और ग्रामीणों की मांग को देखते हुए प्रधानाध्यापक राम पुकार मेहता का स्थानांतरण दूसरे विद्यालय में किया जाएगा।
