![]()
औरंगाबाद में बुधवार को अवैध रूप से पशुओं को ले जा रहे 2 कंटेनरों को पकड़ा गया। दोनों वाहनों पर करीब 80 मवेशी लदे थे। विश्व हिंदू परिषद के गौरक्षा विभाग के अधिकारियों ने सूचना के आधार पर दोनों कंटेनरों को पकड़कर मदनपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त करते हुए पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की। विश्व हिंदू परिषद गौरक्षा विभाग के प्रांतीय अधिकारी डॉ. संत प्रसाद ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो कंटेनरों में अवैध रूप से पशुओं को ले जाया जा रहा है। इसके बाद गौरक्षा दल के सदस्यों ने मदनपुर मुख्य बाजार के पास एक कंटेनर को रोक लिया। वहीं, दूसरा कंटेनर चालक वाहन लेकर भागने लगा। गौरक्षा दल के सदस्यों ने पीछा करते हुए घटराइन रानी कुआं के पास उसे भी पकड़ लिया। मामला मदनपुर थाना क्षेत्र में एनएच-19 का है। पशु क्रूरता पर गिरफ्तारी पुलिस के अनुसार, पशुओं को झारखंड से उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के देवरिया ले जाया जा रहा था। मामले में उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के भरवार निवासी कल्लू आलम और मो. असगर आलम को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि एसआई राजेश कुमार पासवान और एसआई रोहित कुमार को गश्ती दल के साथ भेजा गया था। पुलिस टीम ने पशुओं और वाहनों को जब्त कर दोनों आरोपियों को थाना लाया। इसके बाद मामले में कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पशुओं को गौशाला भेजा गया, जांच जारी पुलिस ने जब्त किए गए पशुओं के संबंध में आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें गौशाला भेजने की व्यवस्था की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पशुओं को किस उद्देश्य से और किन परिस्थितियों में ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान विश्व हिंदू परिषद गौरक्षा दल के जिला महामंत्री नवीन पाठक, पियूष जायसवाल, कुंदन कुमार, केदार साव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
औरंगाबाद में 2 कंटेनरों से 80 पशु जब्त:झारखंड से यूपी ले जाए जा रहे थे, दो को पुलिस ने किया गिरफ्तार
