कटिहार में बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (BSEIDC) द्वारा 4 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से निर्मित नया शिक्षा भवन बनकर तैयार हो गया है। इसका उद्घाटन 31 मई 2026 को प्रस्तावित है, जिसके लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। BSEIDC ने इस परियोजना को 15 माह की निर्धारित अवधि में पूरा किया है। निर्माण कार्य की शुरुआत 9 जनवरी 2025 को हुई थी। संवेदक सुनील कुमार सुमन के अनुसार, BSEIDC के कार्यपालक अभियंता ने अप्रैल 2026 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा था, जिसे समय पर हासिल कर लिया गया। एकरारनामा की राशि 422.00 लाख रुपये थी। इस नए शिक्षा भवन में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO), समग्र शिक्षा अभियान और मध्याह्न भोजन योजना सहित शिक्षा विभाग के सभी कार्यालय एक ही छत के नीचे संचालित होंगे। वर्तमान में ये कार्यालय अलग-अलग भवनों में बिखरे हुए हैं। भवन में कुल 36 कमरे बनाए गए हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चंद्र चौधरी ने बताया कि नए भवन से शिक्षा विभाग से जुड़े सभी कार्यालय एक ही परिसर में आ जाएंगे। इससे प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और शिक्षकों, छात्रों तथा अभिभावकों को एक ही जगह सभी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि फाइलों का निष्पादन समय पर होगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आएगी, जिससे जिले की शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी। 31 मई को प्रस्तावित उद्घाटन समारोह के लिए भवन की रंगाई-पुताई, विद्युत सज्जा और परिसर की साफ-सफाई का काम अंतिम चरण में है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गुरुवार शाम जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, एसपी शिखर चौधरी, एडीएम विनोद कुमार, एसडीएम, एसडीपीओ, ट्रैफिक डीएसपी सद्दाम हुसैन सहित अन्य पुलिस अधिकारी नवनिर्मित भवन परिसर पहुंचे। शिक्षा विभाग के अनुसार, उद्घाटन समारोह में राज्य सरकार के मंत्री , सदर विधायक ,स्थानीय सांसद और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
स्थानीय शिक्षक संगठनों और अभिभावकों ने समय पर गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए BSEIDC और जिला प्रशासन की सराहना की है। यह भवन कटिहार में शैक्षणिक आधारभूत संरचना को नई मजबूती देगा।


