![]()
दरभंगा में गुरुवार को प्रशासनिक अव्यवस्था और विकास योजनाओं में देरी के विरोध में धरना-प्रदर्शन हुआ। जिला परिषद सदस्यों ने मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी स्वप्निल के कार्यालय के पास आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिला परिषद के बैंक खातों में 100 करोड़ रुपए से अधिक की राशि पड़ी हुई है, जबकि विकास योजनाओं का क्रियान्वयन ठप है। उनका आरोप था कि मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी की उदासीनता और मनमाने रवैये के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। धरना की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य अवधेश यादव ने की, जबकि संचालन स्वतंत्र कुमार झा उर्फ सागर नवदिया ने किया। बैठक की कार्यवाही पंजी सदस्यों उपलब्ध नहीं कराई
केवटी के जिला परिषद सदस्य धीरेंद्र मिश्र शीतल ने कहा कि 23 जून को वित्त, अंकेक्षण एवं योजना समिति और 6 जुलाई को जिला परिषद की सामान्य बैठक आयोजित हुई थी, लेकिन अब तक बैठक की कार्यवाही पंजी सदस्यों को उपलब्ध नहीं कराई गई है। कहा कि पंचायती राज अधिनियम के तहत बैठक समाप्त होने के बाद कार्यवाही अभिलेख तैयार कर सदस्यों को उपलब्ध कराना मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी की वैधानिक जिम्मेदारी है। इसका पालन नहीं किया जाना कानून और जनप्रतिनिधियों के अधिकारों की अनदेखी है।
धरना का संचालन कर रहे स्वतंत्र कुमार झा उर्फ सागर नवदिया ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में बैठक की कार्यवाही पंजी उपलब्ध नहीं कराई गई, योजनाओं का बंटवारा शुरू नहीं हुआ और जिला परिषद का संचालन बहाल नहीं किया गया, तो जिला परिषद कार्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी। इसके बाद जिला परिषद सदस्य पटना जाकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे जनता के अधिकार और विकास की लड़ाई है कहा कि यह आंदोलन जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ दरभंगा की जनता के अधिकार और विकास की लड़ाई है। धरना की सूचना मिलने पर जिला परिषद अध्यक्ष रेणु देवी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने सदस्यों की शिकायतें सुनते हुए कहा कि मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी से संबंधित सभी शिकायतों के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अध्यक्ष होने के नाते वह अपने सदस्यों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक उनके संघर्ष में साथ खड़ी रहेंगी।
धरना-प्रदर्शन में जिला परिषद सदस्य हरिमोहन यादव, दिलीप यादव, धीरज झा, अमित ठाकुर, संजय चौपाल, आज़मी, हबीबुल्लाह हासमी, सियाराम मांझी, फूल बाबू लालदेव, अंकित आज़ाद, सुमित कुमार सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
