किशनगंज शहर के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत लाइन मोहल्ला में शनिवार शाम को एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय वीरेंद्र तिवारी की मौत हो गई। मृतक लोजपा के स्थानीय नेता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वीरेंद्र तिवारी अपने घर की बालकनी की रेलिंग साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से वह बुरी तरह घायल हो गए। परिजन तुरंत उन्हें सदर अस्पताल किशनगंज लेकर पहुंचे। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने MGM मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने के दौरान ही वीरेंद्र तिवारी ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। टाउन थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है। आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ब्लड प्रेशर की भी समस्या थी
थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों ने पूछताछ में बताया कि मृतक को ब्लड प्रेशर की समस्या थी। आशंका है कि रेलिंग साफ करते वक्त चक्कर आने से वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर गए। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। स्थानीय नेताओं में शोक
वीरेंद्र तिवारी लोजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उनकी असमय मौत से पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में शोक व्याप्त है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।

