![]()
किशनगंज जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 232.72 ग्राम हेरोइन जब्त की है। इस मामले में एक महिला सहित तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 47 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करों के पास से चार मोबाइल फोन और 6,890 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि हेरोइन की एक बड़ी खेप सिलीगुड़ी होते हुए किशनगंज के रास्ते पटना ले जाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर, एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के नेतृत्व में एएनटीएफ टीम ने फरिंगगोला चेकपोस्ट के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बस की तलाशी ली गई
जांच अभियान के दौरान, किशनगंज की ओर आ रही एक बस को रोका गया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बस की तलाशी ली गई, जिसमें तीनों संदिग्धों के पास से अलग-अलग पैकेटों में कुल 232.72 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान झारखंड के कोडरमा निवासी माया देवी (32), वैशाली जिले के विधुपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी सोनू कुमार (27) और जोरावनपुर निवासी गौतम कुमार (20) के रूप में हुई है। नेटवर्क पश्चिम बंगाल और बिहार सहित कई राज्यों में फैला
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हेरोइन की यह खेप गुवाहाटी (असम) से लेकर पटना पहुंचाने जा रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कई वर्षों से एक संगठित गिरोह के रूप में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल थे। इस गिरोह का नेटवर्क असम, पश्चिम बंगाल और बिहार सहित कई राज्यों में फैला हुआ है। पुलिस अब बरामद हेरोइन के स्रोत और गंतव्य की जांच कर रही है। इसके साथ ही, गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान करने और अपराध से अर्जित उनकी संपत्ति का पता लगाकर उसे जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में किशनगंज थाना में कांड संख्या 725/26 दर्ज किया गया है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

