बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय आम समागम-सह-कार्यशाला का रविवार को समापन हो गया। समापन समारोह में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। हालांकि, लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर सबौर नहीं पहुंच सका। इसके बाद दोनों अतिथियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समारोह को संबोधित किया। राज्यपाल ने कहा कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय किसानों और वैज्ञानिकों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहा है। उन्होंने आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री के माध्यम से आम उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने पर जोर दिया। राज्यपाल ने किसानों से वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार खेती करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि होगी, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा।
सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए फल उत्पादन को बढ़ावा दे रही कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में बताया कि बिहार सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के साथ बागवानी और फल उत्पादन को लगातार बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि बिहार की जलवायु और मिट्टी आम उत्पादन के लिए बेहद उपयुक्त है। मंत्री ने जोर दिया कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से राज्य देश के प्रमुख आम उत्पादक राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना सकता है। उन्होंने किसानों से नई तकनीकों को अपनाने और विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों से लगातार जुड़े रहने की अपील की।
देशभर से पहुंचे किसान और वैज्ञानिक
दो दिवसीय राष्ट्रीय आम समागम में देश के विभिन्न राज्यों से आए कृषि वैज्ञानिकों, उद्यान विशेषज्ञों, प्रगतिशील किसानों और आम उत्पादकों ने भाग लिया। कार्यशाला के दौरान आम की विभिन्न उन्नत किस्मों, पौध संरक्षण, रोग एवं कीट प्रबंधन, आधुनिक बागवानी तकनीक, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण तथा विपणन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में आम की विभिन्न प्रजातियों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जहां किसानों ने नई किस्मों और आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
भागलपुर में राष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन जिले के लिए गौरव की बात
समारोह में मौजूद सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय किसानों को नई तकनीक उपलब्ध कराकर कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन किसानों को नई जानकारी देने के साथ उनकी आय बढ़ाने में भी सहायक साबित होंगे। भागलपुर विधायक रोहित पांडेय ने कहा कि भागलपुर में राष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है। इससे किसानों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर मिला है। सुल्तानगंज विधायक ललित कुमार मंडल ने कहा कि वैज्ञानिक खेती और नई तकनीकों के प्रसार से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान ने कहा कि आम की खेती से जुड़े किसानों को प्रशिक्षण, बेहतर बाजार और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में ये रहे मौजूद इस अवसर पर भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल, भागलपुर विधायक रोहित पांडेय, सुल्तानगंज विधायक ललित कुमार मंडल और पीरपैंती विधायक मुरारी प्रसाद गौतम (पासवान) सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कृषि वैज्ञानिक, प्रगतिशील किसान और देश के विभिन्न राज्यों से आए आम उत्पादक भी इस समारोह में उपस्थित थे।

