
पर्स में पांच हजार नकद, मोबाइल व सोने-चांदी के जेवर थे
कुदरा.
स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत पछहगंज के समीप एनएच-19 पर बुधवार की अहले सुबह बाइक सवार अपराधी एक महिला से पर्स छीनकर फरार हो गये. इस मामले में कुदरा थाने में आवेदन दिया गया है. पीड़ित महिला की पहचान रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के बेंसिल गांव निवासी संजय तिवारी की पत्नी रंजना देवी के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार, बुधवार की अहले सुबह पति-पत्नी टेकारी की ओर से लौट रहे थे. वे किसी समारोह में शामिल होकर अपने गांव जा रहे थे. जैसे ही वे पछहगंज के पास पहुंचे, पीछे से आये बाइक सवार अपराधियों ने महिला का पर्स छीन लिया और फरार हो गये.बताया जाता है कि पर्स में करीब पांच हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी, पायल सहित अन्य जरूरी सामान था.घटना के बाद पीड़िता ने कुदरा थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.कुदरा में आपराधिक घटनाओं से बढ़ी चिंता
कुदरा में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है. पुलिस भले ही अपराध नियंत्रण का दावा कर रही हो, लेकिन हाल के घटनाक्रमों ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं.दो दिन पूर्व ही भदौला में एक गोदाम के पिछले हिस्से को काटकर करीब 100 क्विंटल गेहूं की चोरी कर ली गयी थी. इस मामले में अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है.ऐसे में व्यस्त एनएच-19 पर खुलेआम महिला से पर्स छीनने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
कुदरा थानाध्यक्ष नंदू कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
The post कुदरा के पछाहगंज के पास महिला से पर्स छीनकर अपराधी हुए फरार appeared first on Prabhat Khabar.

