बेलांव थाना क्षेत्र के नौहट्टा गांव में एक सड़क हादसे में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी थी। यह घटना नौहट्टा हाई स्कूल के समीप बेलांव-चेनारी मुख्य मार्ग पर हुई। मृतक महिला की पहचान बेचनी देवी (35 वर्ष) पत्नी विनोद पासवान के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत रामपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बेचनी देवी को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने भागने की कोशिश कर रहे बाइक सवार युवक को पकड़ लिया। बाइक सवार की पहचान मोहनिया के कृष्णपुरा निवासी प्रिंस पाठक (20 वर्ष) के रूप में हुई है। ग्रामीणों की पिटाई से प्रिंस पाठक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उसे भी इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने देर रात ही शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

