![]()
कैमूर में रामपुर प्रखंड के बेलाव थाना क्षेत्र स्थित हुड़रा खुर्द गांव में सोमवार शाम एक युवती की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। 22 वर्षीय मृतका की पहचान हुड़रा खुर्द निवासी संजय कुमार पासवान की बेटी अंशु कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अंशु सोमवार शाम अपने घर के मंदिर में नियमित पूजा कर रही थी। पूजा समाप्त होने के बाद जैसे ही उसने आरती की थाली फर्श पर रखी, वहां मौजूद किसी अज्ञात जहरीले सांप ने उसके हाथ में डस लिया। सांप के डसते ही युवती दर्द से चीखने लगी। प्राथमिक जांच के बाद डेड घोषित घटना के तुरंत बाद, परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए दूसरे गांव ले गए। झाड़-फूंक में काफी समय बीत गया, जिससे युवती के शरीर में जहर तेजी से फैल गया और उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। स्थिति गंभीर होने पर परिजन मंगलवार को उसे सदर अस्पताल भभुआ लेकर पहुंचे। सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अभिलाष चंद्रा ने प्राथमिक जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। शव परिजनों को सौंपा चिकित्सकों ने बताया कि यदि समय पर अस्पताल लाया जाता और उचित इलाज मिलता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
