Tuesday, May 12, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

कोडरमा में कपड़े के गोदाम में आगजनी:35 लाख का सामान जला; शॉर्ट सर्किट की आशंका, दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग


कोडरमा थाना क्षेत्र के जलवाबाद स्थित एक मकान की छत पर बने कपड़े के गोदाम में मंगलवार की अहले सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में गोदाम में रखा करीब 35 लाख रुपए का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। जानकारी के अनुसार, गोदाम मालिक शमशाद आलम अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान नमाज पढ़ने जा रहे पड़ोसियों की नजर छत पर उठ रही आग की लपटों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत शमशाद के छोटे भाई प्रिंस को इसकी सूचना दी। वहीं, जलने की गंध महसूस होने पर शमशाद की पत्नी की भी नींद खुल गई। उन्होंने सभी को जगाया, जिससे समय रहते परिवार सुरक्षित बाहर निकल सका। दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग शमशाद आलम ने बताया कि बाहर निकलकर देखा तो छत पर बने गोदाम में आग तेजी से फैल चुकी थी। उन्होंने तुरंत बिजली का मेन कनेक्शन काटा और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। शादी सीजन के लिए रखा था स्टॉक गोदाम मालिक के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होने की आशंका है। इस हादसे में करीब 30 लाख रुपए के कपड़े और 5 लाख रुपए का फर्नीचर जल गया, जिससे कुल 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि शादी के लगन को देखते हुए ग्राहकों की मांग पर बड़ी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक मंगाकर गोदाम में रखा गया था। घटना के बाद परिवार सदमे में है, हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और कोई जनहानि नहीं हुई। शमशाद ने बताया कि गोदाम का बीमा कराया गया था, जिससे उन्हें कुछ हद तक आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles