![]()
कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र में एक घटना हुई है। खेत में शौच करने गए 73 साल के मदन सिंह को खेत मालिक कृष्णा सिंह ने लाठी से पीटा। करीब 15 दिन बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के बेटे मिथिलेश सिंह ने बताया कि 5 अक्टूबर को मदन सिंह कृष्णा सिंह के खेत के पास शौच के लिए गए थे। कृष्णा सिंह ने वहां पहुंचकर मदन सिंह पर अपने खेत के पास शौच करने को लेकर गुस्सा किया और लाठी से हमला कर दिया। मदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर मदन सिंह का पोता खेत पर पहुंचा, लेकिन कृष्णा सिंह ने उसे डांटकर भगा दिया। आसपास के लोगों ने मदन सिंह को घर पहुंचाया। बेटों के घर पर न होने के कारण, मदन सिंह को पहले एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। 7 अक्टूबर को बेटों के आने के बाद उन्हें सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया। गंभीर हालत के कारण उन्हें रांची रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई। रांची में एक निजी क्लिनिक में करीब 9 दिनों तक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनके बचने की नाउम्मीद जताते हुए उन्हें घर ले जाने की सलाह दी। परिजन मदन सिंह को 21 अक्टूबर को पुनः सदर अस्पताल ले आए, जहां अगले दिन 22 अक्टूबर को उनकी मृत्यु हो गई। इधर, मृतक के भतीजे दिनेश सिंह के द्वारा 19 अक्टूबर को मरकच्चो थाना में दिए गए आवेदन के आलोक में मरकच्चो थाना प्रभारी बमबम साह ने 22 अक्टूबर को हमलावर कृष्णा सिंह को मरकच्चो के जामु स्थित पेट्रोल पंप के पास से हिरासत में ले लिया है। पुलिस फिलहाल कृष्णा सिंह से इस मामले में पूछताछ कर रही है। मृतक के परिजनों ने पुलिस से कृष्णा सिंह के ऊपर कड़ी कार्रवाई करने सहित मुआवजे की मांग की है। पुलिस फ़िल्हाल शव का पोस्टमॉर्टम करवा रही है।
कोडरमा में खेत मालिक की पिटाई से व्यक्ति की मौत:15 दिन बाद इलाज के दौरान गई जान, खेत में शौच करने पर लाठी से किया था वार
