![]()
कोडरमा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदरवा पंचायत के मलकोको गांव में सुबह एक महिला का शव मिला। गांव के लोग जब रोज की तरह टहलने के लिए जंगल की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर शव पर पड़ी। मृतका की पहचान नवलशाही थाना क्षेत्र के धुमाडीह निवासी 40 वर्षीय शकुंतला देवी के रूप में हुई। उसके पति का नाम सुनील ठाकुर है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान महिला के मोबाइल पर कॉल किया। पुलिस ने कॉल रिसीव कर संबंधित व्यक्ति से पूछताछ की। जिसके बाद महिला की पहचान हो सकी। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पति से विवाद के बाद छोड़ चुकी थी घर स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, शकुंतला देवी करीब दो महीने पहले अपने घर से लापता हो गई थीं। बताया जाता है कि उनका अपने पति से विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने महिला थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसी दौरान उन्होंने एक युवक से प्रेम संबंध की बात भी स्वीकार की थी और उसके साथ रहने लगी थीं। जानकारी के मुताबिक, महिला के प्रेमी के परिजनों ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद युवक ने आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद शकुंतला देवी इधर-उधर भटक रही थीं। थाना प्रभारी विकास पासवान के अनुसार, शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतका के परिवार में दो विवाहित बेटियां और एक बेटा है। वह अपने पिता के साथ रहता है।


