![]()
कोडरमा के मरकच्चो थाना क्षेत्र के जामु गांव में चोरों ने मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 11 लाख रुपए का सामान पार कर दिया। शनिवार देर रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर शटर खोला और करीब 10 लाख रुपए के मोबाइल फोन समेत 1 लाख रुपए की मोबाइल एसेसरीज लेकर फरार हो गए। दुकान संचालक उमेश कुमार ने शनिवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद की थी। रविवार सुबह पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। शटर खुला है। सूचना मिलते ही उमेश दुकान पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था और मोबाइल व एसेसरीज गायब थे। 12 बजे तक सब ठीक था, इसके बाद चोरी की आशंका उमेश कुमार ने बताया कि चोर दुकान से करीब 10 लाख रुपए के मोबाइल फोन और 1 लाख रुपए की एसेसरीज ले गए हैं। पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि शनिवार रात करीब 12 बजे तक दुकान में ताला लगा हुआ था और सब कुछ सामान्य था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने रात 12 बजे के बाद वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मरकच्चो पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दुकान के आसपास के इलाके में भी छानबीन की। दुकान से कुछ दूरी पर 7-8 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। आशंका है कि भागने के दौरान ये मोबाइल चोरों के हाथ से गिर गए होंगे। एक सप्ताह में आधा दर्जन चोरी पीड़ित दुकानदार ने मरकच्चो थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इधर, जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। बीते एक सप्ताह में करीब आधा दर्जन चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मरकच्चो में भी पहले चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन अब तक उनका पूरी तरह उद्भेदन नहीं हो सका है। ऐसे में मोबाइल दुकान से 11 लाख की चोरी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
